लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर पानीपत में भव्य रन फॉर यूनिटी का आयोजन
-छात्रों, खिलाडिय़ों और एनजीओ ने एकता की दौड़ में दिखाया उत्साह और जोश
-रन फॉर यूनिटी से गूंजा पानीपत – भारत माता की जय के नारों से गूंजे रास्ते
-बेहतर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के बीच एकता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश
BOL PANIPAT , 31 अक्टूबर। जिला सचिवालय परिसर में शुक्रवार प्रातकाल लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश में एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के संदेश को फैलाना रहा। इस अवसर पर जिले के स्कूलों, कॉलेजों, गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, खिलाडिय़ों, एनजीओ सदस्यों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने सरदार वल्लभभाई पटेल की फोटो पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उनके आगमन पर उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया और निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने बुके और स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ सेक्टर 13-17 में संपन्न हुई, जहां युवाओं और बच्चों का उत्साह देखने लायक था। शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि पटेल ने हमेशा कहा कि सच्चा नागरिक वही है जो देश के हित को अपने स्वार्थ से ऊपर रखे। उन्होंने स्वयं निजी जीवन की सुख-सुविधाओं का त्याग कर राष्ट्रसेवा की।
उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी का मुख्य उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और अखंडता की भावना को सुदृढ़ करना है। इस दौड़ ने न केवल युवाओं में जोश भरा, बल्कि हर सहभागी के मन में एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संकल्प भी दृढ़ किया।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम ने पानीपत में यह संदेश दिया कि जब देश की बात हो, तो हर नागरिक एक साथ खड़ा हैद्य यही सरदार पटेल की सच्ची श्रद्धांजलि है।
एडीसी डॉ पंकज ने कहा कि उनके जीवन में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोच्च थी। उनका कहना था कार्य कोई भी छोटा नहीं होता, निष्ठा से किया गया हर कार्य महान होता है। हमे कार्य को अपनी ड्यूटी समझ कर उसे पूरा करना चाहिए।
बीजेपी जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक और स्वतंत्र भारत के पहले उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री थे। उनकी शिक्षाएं और विचार आज भी राष्ट्र-निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। एसडीएम मनदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, मेहनत करने और दूसरों पर निर्भर न रहने की प्रेरणा दी। उनका विश्वास था कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो अपने कर्म में विश्वास रखते हैं।
मेयर कोमल सैनी ने कहा कि उन्होंने समाज के हर वर्ग को समान सम्मान देने की शिक्षा दी। उनका मानना था कि कोई भी देश तभी प्रगति कर सकता है जब वह अंदर से एकजुट हो।

कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित रही। डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी ने बताया कि मुख्य मार्ग को पूर्वाह्न में पानी से साफ किया गया और पुलिस बल ने सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी संभाली। दौड़ के दौरान कुछ समय के लिए मार्गों को नियंत्रित किया गया ताकि प्रतिभागियों को सुगमता से दौडऩे का अवसर मिल सके। युवाओं के साथ-साथ पुलिस की गाडिय़ां और स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस भी साथ चल रही थीं ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति का तुरंत समाधान हो सके। रन फॉर यूनिटी में जिले की विभिन्न खेल नर्सरियों के खिलाड़ी और विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में मेयर कोमल सैनी, बीजेपी जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, निगम कमिश्नर डॉ. पंकज, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, एसडीएम मनदीप सिंह, डीएसपी सुरेश सैनी, महिला विंग जिला अध्यक्ष कुसुम शर्मा, रणपाल ढांडा, चांद भाटिया, नवीन भाटिया, कृष्ण छोकर,लोकेश नागरू, रामकुमार सैनी, सुनील नौल्था और बीआरसी विक्रम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Comments