एसडी पीजी कॉलेज की होनहार छात्रा ने कुरुक्षेत्र विश्वविधालय की बीए की मेरिट लिस्ट में पाया प्रथम स्थान.
BOL PANIPAT, 29 जुलाई. एसडी पीजी कॉलेज की होनहार एवं प्रतिभाशाली छात्रा तमन्ना ने कुरुक्षेत्र विश्वविधालय कुरुक्षेत्र की बीए की परीक्षा में पहले स्थान पर कब्ज़ा कर कॉलेज और जिले का न सिर्फ मान बढ़ाया बल्कि दूसरे विद्यार्थियों को भी प्रेरणा दी । तमन्ना ने 2400 में से 2113 अंक प्राप्त कर 88 प्रतिशत अंकों के साथ कॉलेज और अपने माता पिता को को गौरवान्वित किया । तमन्ना ने यह परिणाम सभी छः सेमेस्टर की परीक्षाओं में हासिल अंको के आधार पर हासिल किया है । परीक्षा परिणाम घोषित होने के पश्चात यह जानकारी कॉलेज प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने दी । उनके साथ एसडी कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल, जनरल सेक्रेटरी महेंद्र अग्रवाल, उप-प्रधान राजीव गर्ग और कोषाध्यक्ष विशाल गोयल ने छात्रा तमन्ना के उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और छात्रा की मेहनत की भरपूर प्रशंसा की । तम्मना की कामयाबी पर उनके पिता मुकेश कुमार और माता खुश नज़र आये ।
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा की कॉलेज की बीए की छात्राओं से उन्हें सैदव उच्च प्रदर्शन की उम्मीद रही है और तमन्ना ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर सभी का ह्रदय जीत लिया है । वर्तमान समय में ऐसी खुशखबरी हर किसी को सकारात्मक और उत्साह से भर सकती है और यही कार्य इस छात्रा ने किया है । एसडी कॉलेज यदि खेल-कूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अव्वल है तो उसका शैक्षणिक उपलब्धियों में भी प्रदेश में उच्च स्थान है । यूनिवर्सिटी की मेरिट लिस्ट में पहले स्थान पर कब्ज़ा करना एक असाधारण उपलब्धि है । यह कॉलेज के लिए एक उत्सव और गर्व का क्षण है । उन्होनें इस अवसर पर कला संकाय के सभी प्राध्यापकों और एसडी पीजी कॉलेज प्रबंधकारिणी की तहे दिल से सराहना की । उन्होनें कहा कि कला के विषयों में निपुणता प्राप्त करने वालो के लिए भविष्य में बहुत सारे विकल्प मौजूद है । स्कूलों एवं कॉलेजों में युवाओं के लिए रोजगार के कई अवसर मौजूद है और आजकल निजी कंपनियां भी इस विषय के विशेषज्ञों को अपने यहां अच्छे मानदेय पर नियुक्त करती हैं ।
प्रधान दिनेश गोयल ने अपने आशीर्वचन में कहा कि तमन्ना ने नारी शक्ति के भाव को सार्थक कर के दिखाया है । इस छात्र ने जो मिसाल कायम की है वह दूसरे विद्यार्थियो के लिए एक नजीर है । एसडी पीजी कॉलेज प्रबंधकारिणी अपने हर छात्र-छात्रा के उज्जवल भविष्य के लिए पूरी तरह दृढसंकल्प है और यहाँ के विद्यार्थी नैतिक एवं व्यवहारिक शिक्षा पाकर समाज और मानवता की सेवा करे यही उनकी कामना है । उन्होनें कहा कि कला के विषयों को पढ़कर कोई भी विद्यार्थी किसी सरकारी, निजी एवं शैक्षिक संस्थान में रोजगार प्राप्त कर सकता है या अपना निजी कार्य शुरू कर सकता है । कोई भी छात्र-छात्रा यदि मेहनत से काम करे तो सफलता उसके कदम अवश्य चूमती है ।
प्रो अन्नू आहूजा अंग्रेजी विभागाध्यक्ष ने कहा की आज के प्रतियोगिता भरे युग में सफल होने के लिए अपने विषय का ज्ञान होना बहुत जरुरी है । हम खुद महसूस कर सकते है कि विषय के पारंगत लोगों का आजकल खूब बोलबाला है । कला के ज्ञानी छात्रों के लिए सरकारी या निजी नौकरी और टीचिंग आदि में खूब रास्ते खुले है । इस छात्रा की सफलता के लिए उन्होनें कॉलेज प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की और उन्हें ह्रदय से बधाई दी ।
तमन्ना ने अपनी उपलब्धि का श्रेय प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, एसडी कॉलेज प्रबंधकारिणी और अपने माता-पिता को दिया । उसने बताया कि उनका स्वप्न कॉलेज या यूनिवर्सिटी में प्राध्यापिका के पद पर कार्य करना है और इसके लिए वे अभी से खूब मेहनत कर रही है । वह चाहती है कि वह भविष्य गे भी कॉलेज का नाम इसी तरह से रोशन करे ।
इस अवसर पर प्राध्यापकों में डॉ मुकेश पुनिया, डॉ एसके वर्मा, डॉ राकेश गर्ग, प्रो अन्नू आहूजा, दीपक मित्तल आदि उपस्थित रहे ।

Comments