एआइ को भी साइबर सुरक्षा की जरूरत : प्रो.अमित
पाइट में मनाया एडब्ल्यूएस स्टूडेंट्स कम्युनिटी डे, विशेषज्ञों ने किया प्रेरित
BOL PANIPAT : समालखा: साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञ प्रो. अमित दुबे ने कहा कि आने वाले समय में साइबर सिक्योरिटी सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में से एक होगी। एआई के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर सुरक्षा की जरूरत भी लगातार बढ़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य को लेकर खुद को तैयार करें और पूरी लगन से जुट जाएं। वह यहां पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नॉलोजी (पाइट) में आयोजित एमेजॉन स्टूडेंट्स कम्युनिटी डे पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। पाइट हरियाणा का पहला ऐसा सेंटर बना, जहां इस दिवस का आयोजन किया गया।
उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने शादी से पहले अमेरिका घूमने और अभिनेता शाह रुख खान के साथ डिनर करने का लक्ष्य तय किया था, जो बाद में पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि जब आप मेहनत करते हैं तो समय भी आपके अनुकूल होने लगता है। साइबर फ्रॉड से बचाव पर उन्होंने कहा कि यदि कोई आपके खाते में पैसे भेजता है तो आपको कुछ नहीं करना है। पैसे प्राप्त करने के लिए किसी लिंक या क्यूआर कोड की जरूरत नहीं होती। उन्होंने बताया कि अब तक उनकी पहल से 900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि रिकवर कराई जा चुकी है। निदेशक डॉ. शक्ति कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री विशेषज्ञों से सीखने और अपने विचारों को नई दिशा देने का अवसर मिलता है। साइबर सिक्योरिटी विभाग की अध्यक्ष डॉ. शक्ति अरोड़ा ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए आइडियाथॉन और बिल्डथॉन प्रतियोगिताएं कराई गईं और विजेताओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि साइबर सिक्योरिटी में करिअर की अपार संभावनाएं हैं। एडब्ल्यूएस से डेवलपमेंट रिलेशन विभाग के अध्यक्ष प्रफुल, सीनियर सॉल्यूशन आर्किटेक्ट अमित कुमार, भारत एक्सआर कंपनी की संस्थापक छवि गर्ग, एल्टियोरा फ्रेंच एकेडमी की संस्थापक शिवानी सिंह विमल ने भी प्रेरित किया। पाइट के बोर्ड सदस्य शुभम तायल, रजिस्ट्रार डॉ.अरविंद सिंह, डीन डॉ.बीबी शर्मा, डीन डॉ.देवेंद्र मोहन, बीबीए विभाग के अध्यक्ष डॉ.रोहित गर्ग ने भी छात्रों का उत्साह बढ़ाया।

Comments