Wednesday, September 30, 2026
Newspaper and Magzine


2 अक्तूबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 30, 2026 Tags: , , , , ,

ग्राम विकास से लेकर स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक योजनाओं की होगी समीक्षा: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

ग्राम सभा में तैयार होगी वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना

बाल विवाह मुक्त गांव, परिवार पहचान पत्र और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी होगी चर्चा

BOL PANIPAT , 30 सितंबर। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्तूबर को प्रात: 11 बजे जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा सरकार के विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इन ग्राम सभाओं में गांव के विकास, जनकल्याण, स्वच्छता, पेयजल, सामाजिक योजनाओं तथा विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर चर्चा की जाएगी।

    उपायुक्त डॉ हरीश ने बताया कि विशेष ग्राम सभा केवल औपचारिक बैठक न होकर ग्रामीणों की सहभागिता के माध्यम से गांव की आवश्यकताओं और विकास की प्राथमिकताओं को तय करने का महत्वपूर्ण मंच होगी।

    उपायुक्त ने बताया कि ग्राम सभा में वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और गांव की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा होगी।

उपायुक्त ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गांवों में किए गए जनकल्याण एवं सेवा कार्यों तथा उनकी उपलब्धियों की जानकारी भी ग्राम सभा के समक्ष रखी जाएगी। साथ ही भविष्य में किए जाने वाले जनसेवा कार्यों को लेकर ग्रामीणों से सुझाव लिए जाएंगे।

    उपायुक्त ने बताया कि विशेष ग्राम सभा में स्वच्छता ही सेवा अभियान को भी प्रमुखता दी जाएगी। पंच, सरपंच, सफाई मित्र, स्वयं सहायता समूह, युवा क्लब, पुस्तकालय से जुड़े प्रतिनिधि, स्काउट्स एवं गाइड्स, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित गांव के प्रमुख हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। गांव की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उसे स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

    उपायुक्त ने बताया कि विकसित ग्राम पंचायत योजना भी तैयार की जाएगी। इसके तहत गांव की स्थानीय आवश्यकताओं और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार कर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर उसका अनुमोदन कराया जाएगा।

    डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि ग्राम सभा में बाल विवाह मुक्त गांव के सत्यापन एवं प्रमाणन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर गांव में बाल विवाह की स्थिति की पुष्टि की जाएगी और पात्र स्थिति होने पर ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर बाल विवाह मुक्त गांव संबंधी घोषणा एवं सत्यापन किया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि जल अर्पण अभियान के तहत गांवों में पेयजल आपूर्ति, जल स्रोतों की स्वच्छता, हर घर जल व्यवस्था, जल संरक्षण तथा पेयजल व्यवस्था के निरंतर संचालन की भी समीक्षा की जाएगी।    

    इसी प्रकार परिवार पहचान पत्र से संबंधित पारिवारिक विवरण एवं आय की जांच, छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के नाम जोडऩे तथा आवश्यक सुधार करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा होगी और पात्र लाभार्थियों के आंकड़ों का ग्राम सभा के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा।

    उपायुक्त ने बताया कि रिफॉर्म उत्सव के तहत सात प्रमुख विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकार द्वारा किए गए नीतिगत सुधारों तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। साथ ही आगे के सुधारों के लिए ग्रामवासियों से सुझाव लिए जाएंगे।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बजट भाषण 2026-27 के अनुसार प्रत्येक ग्राम सभा में छह महत्वपूर्ण विषयों की अनिवार्य रूप से समीक्षा की जाएगी। इनमें गांव में पेयजल आपूर्ति की स्थिति, गंदे पानी की निकासी एवं प्रबंधन, अमृत सरोवर से जुड़े कार्य तथा जलभराव एवं रुकावट की समस्या, गांव में नशे की स्थिति, सामाजिक पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन तथा स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था शामिल हैं। इसके साथ ही सरकारी भवनों के रख-रखाव और ई-ग्रामस्वराज पोर्टल पर दर्ज विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 2 अक्तूबर को निर्धारित समय पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी एजेंडा बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा कराई जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी ग्राम सभाओं में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत संरक्षक योजना-2021 के तहत नियुक्त ग्राम पंचायत संरक्षक अपनी-अपनी आवंटित ग्राम पंचायत में आयोजित विशेष ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के चयनित लाभार्थियों का यादृच्छिक सत्यापन भी करवाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि ग्राम सभा की कार्यवाही को पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जाए। ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों को 3 अक्तूबर तक निर्णय एवं सभासार पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जबकि स्वच्छता ही सेवा अभियान से संबंधित गतिविधियों की जानकारी संबंधित पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। जिले की अनुपालना रिपोर्ट 5 अक्तूबर तक भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद तथा खंड स्तर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी इस कार्य के नोडल अधिकारी रहेंगे।

Comments


Leave a Reply