Saturday, October 31, 2026
Newspaper and Magzine


राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in Economy , at October 31, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान की मुख्य वक्ता कॉलेज उप-प्राचार्या डॉ किरण मदान रही । व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने भी राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और युवा शक्ति के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें अच्छे नागरिकों के गुण, नैतिक मूल्य और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय एकता दिवस भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद अनेक रियासतों का एकीकरण करके अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन हमें दृढ़ इच्छाशक्ति, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि भारत विविधताओं का देश है, जहां विभिन्न धर्मों, भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के लोग एक साथ रहते हैं। यही विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। देश की प्रगति और समृद्धि के लिए आवश्यक है कि हम आपसी मतभेदों को भुलाकर एकता, सहयोग और सद्भाव के साथ आगे बढ़ें। डॉ किरण जी ने अपने व्याख्यान को अपनी इन अंतिम पंक्तियों  इंसाफ की डगर में बच्चों दिखाओ चल के, यह देश है तुम्हारा, नेता तुम ही हो कल के के साथ समाप्त किया । उन्होंने इन पंक्तियों का मतलब समझाते हुए कहा कि युवाओं की इसमें विशेष भूमिका है, क्योंकि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक और नेतृत्वकर्ता बनेंगे।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी खुशबू ने इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने व्यवहार, विचारों और दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के आधार पर भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।

मंच संचालन एनएसएस स्वयंसेविका पल्लवी द्वारा किया गया ।इस कार्यक्रम में डॉ मोनिका, डॉ भगवंत कौर, डॉ नीतू , रवि किरण, कुलदीप शर्मा आदि प्राध्यापक उपस्थित रहे ।

Comments


Leave a Reply