जिला सचिवालय में भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का होगा पुनर्निर्माण।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार के निर्देश पर निगम पार्षद अशोक कटारिया,निगम अभियंता गोपाल कलावत और रोहताश पंवार वा अन्य ने किया करनाल जिला के इंद्री का दौरा।
BOL PANIPAT : 25 सितम्बर। जिला सचिवालय पानीपत में भारतीय समाज के महान समाज सुधारक और भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को जल्द ही स्थापित किया जाएगा मूर्ति बनाने का कार्य अंतिम चरण में है। इसको लेकर प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के दिशा निर्देश पर निगम पार्षद अशोक कटारिया,निगम के कार्यकारी अभियंता गोपाल कलावत, डॉ भीमराव अंबेडकर सेवा समिति के जिला अध्यक्ष रोहतास पंवार, निगम के जेई सचिन,समिति के उप प्रधान राजपाल, सचिव रोहतास दाबड़ा, राधेश्याम, वजीर सिंह, महेंद्र कुटानी व रमेश मच्छाल इत्यादि ने गत दिवस करनाल जिला के इंद्री उपमंडल का दौरा किया जहां पर यह मूर्ति बनाई जा रही है।
इसके बारे में जानकारी देते हुए निगम पार्षद अशोक कटारिया और डॉ भीमराव अंबेडकर सेवा समिति के जिला अध्यक्ष रोहतास पंवार ने बताया कि जिला सचिवालय पानीपत में बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह प्रतिमा भारतीय समाज के संघर्ष और समता के प्रतीक के रूप में स्थापित की जाएगी और उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से पुनर्निर्मित की जा रही है। इस नए डिजाइन में मूर्ति की आकार, स्थान, और आसपास की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक अद्भुत और सशक्त रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला सचिवालय में स्थापित प्रतिमा से नागरिकों को डॉ. अंबेडकर के विचारों और योगदान से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त होगी। इसका उद्देश्य उनकी शिक्षा और समाज सुधार के प्रयासों को आगे बढ़ाना और युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करना है। यह समाज की जागरूकता और एकता की मिसाल है। हम सबको गर्व है कि हम सब मिलकर डॉ. अंबेडकर के विचारों और कार्यों को इस नए रूप में संरक्षित कर पा रहे हैं।
निगम पार्षद अशोक कटारिया ने बताया कि संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति इंद्री में ब्रांज धातु द्वारा निर्माण किया जा रहा है। अन्य सभी के साथ निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता व प्रगति का जायज़ा लिया गया है। निगम अभियंता गोपाल कलावत ने निर्माण कार्य समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के लिए आश्वत किया। उन्होंने बताया कि इस पर तेजी से काम चल रहा है और तय समय में इसे पूरा कर दिया जाएगा। जिला सचिवालय पानीपत में बनने वाली बाबा साहेब की यह प्रतिमा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

Comments