Tuesday, February 10, 2026
Newspaper and Magzine


सौहार्द की भावना को बढ़ावा देने के लिए गांव मांडी के खेल स्टेडियम में पुलिस व पब्लिक के बीच वॉलीबॉल के मैच का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at March 6, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 6 मार्च 2022, सौहार्द की भावना को बढ़ावा देने के लिए गांव मांडी के खेल स्टेडियम में पुलिस व पब्लिक के बीच वॉलीबॉल के मैच का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस द्वारा पुलिस व आमजन के बीच सौहार्द की भावना को बढावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। इसी के तहत रविवार को गांव मांडी के खेल स्टेडियम में पानीपत पुलिस की टीम द्वारा मांडी व लाखू बुआना गांव की टीम के साथ वालीबॉल का मैच खेला गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उप-पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश ने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए ताकि आपस में सदभावना व प्रेम बढे। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से न सिर्फ समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द का माहौल कायम होता है, बल्कि पुलिस-पब्लिक मैत्रीपूर्ण संबंध को बढ़ावा मिलता है। पुलिस व पब्लिक के बीच सौहार्द की भावना स्थापित होने से अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने में पुलिस को जहा सहायता मिलती है, वही पुलिस भी आमजन को सुरक्षित माहोल प्रदान करने के सदेव तत्पर रहती है। उन्होंने कहा पुलिस व पब्लिक के बीच सौहार्द की भावना को बढावा देने के लिए इस प्रकार के खेल के आयोजन जिला पानीपत पुलिस द्वारा समय-समय पर करवाए जाएगें।

इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने बारे जागरूक करते हुए बताया कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इस बुराई को समाज से मिटाने के लिए सभी लोगों को आगे आना होगा ताकि नशा व अपराध मुक्त समाज की स्थापना की जा सके। उन्होंने बताया की पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में जिला पुलिस नशे के खिलाफ जोरदार अभियान चलाए हुए हैं। परंतु इस मुहिम की शत-प्रतिशत सफलता के लिए आमजन का सहयोग जरूरी है। नशा बेचने वालों के सूचना बेखौफ होकर पुलिस को दें ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया की वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद व अन्य सामाजिक गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर अपने देश पर प्रदेश का नाम रोशन करें।

इस अवसर पर गांव मांडी के सरपंच संजय व अन्य गणमान्य व्यक्ति व युवाशक्ति मौजूद रहे। पानीपत पुलिस ने वॉलीबॉल के मैच में गांव मांडी की टीम को 2-0 से पराजित किया वही लाखू बुआना की टीम को भी 2-0 से पराजित किया। पानीपत पुलिस की टीम का नेतृत्व थाना इसराना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने किया वही मांडी गांव की टीम का अनुराग ने व लाखु बुआना की टीम का जोनी ने नेत्रत्व किया।

उल्लेखनीय है कि गत दिनों विशेष जागरूकता अभियान के तहत उप-पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश गांव मंडी में पहुंचे तो ग्राम वासियों ने पुलिस व गांव की वालीबॉल टीम के बीच वॉलीबॉल का मैच करवाने बारे आग्रह किया था।

Comments