Saturday, October 24, 2026
Newspaper and Magzine


मुख्यमंत्री के आगमन से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप हो : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 24, 2026 Tags: , , , , , ,

दोनों कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां कीं पूर्ण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक कर व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

खटीक गर्जना सम्मेलन और संत निरंकारी समागम की तैयारियों को अंतिम रूप, ड्यूटी में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी

BOL PANIPAT , 24 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह के 25 अक्टूबर रविवार को पानीपत आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री के आगमन और दोनों कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। शनिवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दोनों कार्यक्रम स्थलों सहित हेलीपैड का फाइनल रिहर्सल किया और तैयारियों का जायजा लिया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह 25 अक्टूबर को पानीपत में आयोजित खटीक गर्जना सम्मेलन तथा भोड़वाल माजरी में आयोजित संत निरंकारी समागम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इसी कड़ी में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर अंतिम रिहर्सल किया। उन्होंने पुलिस लाइन, आर्य महाविद्यालय और भोड़वाल माजरी स्थित संत निरंकारी समागम स्थल पर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड, ग्रीन रूम और सेफ हाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपायुक्त ने हेलीपैड पर तैनात किए जाने वाले अधिकारियों की ड्यूटी की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाएं और मुख्यमंत्री के आगमन से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे।
पुलिस लाइन में निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने आर्य महाविद्यालय स्थित खटीक गर्जना सम्मेलन स्थल पर पहुंचकर बैठक व्यवस्था और सीटिंग प्लान की जांच की। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, लोगों के आने-जाने के मार्गों तथा खटीक समाज के लोगों की विभिन्न स्थानों से सम्मेलन में भागीदारी को लेकर भी समीक्षा की। इस दौरान खटीक समाज के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इसके बाद अधिकारियों ने भोड़वाल माजरी स्थित संत निरंकारी समागम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और लंगर व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से जुड़े दोनों कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को समय रहते पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी गंभीरता से की जाएं। प्रत्येक अधिकारी अपनी ड्यूटी के प्रति जवाबदेह रहे और यह सुनिश्चित करे कि आमजन तथा कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री के आगमन से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि दोनों कार्यक्रम व्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न करवाए जा सकें।
पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन और दोनों कार्यक्रमों के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थलों, प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। यातायात प्रबंधन के लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रहे और आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी ड्यूटी पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निभाएं। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और दोनों कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।
इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीएसपी विकास चहल, डीएसपी मुकेश जाखड़, डीएसपी नरेंद्र, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता आदित्य कुंडू, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता सावित पनु सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply