देसी पिस्तौल व जिंदा रौंद के साथ पंजाब निवासी युवक गिरफ्तार. अवैध हथियार रखने के शौक ने भेजा जेल.
BOL PANIPAT, 15 अप्रैल : सीआईए थ्री पुलिस ने राजाखेड़ी रोड पर एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल व दो जिंदा रौंद सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान पंजाब के कोटकपुरा के सिबीया गांव निवासी आकाशदीप के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि उनकी एक टीम मंगलवार देर शाम को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान बबैल रोड पर थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक राजाखेड़ी गांव की और से राम नगर की तरफ पैदल आ रहा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने राजखेड़ी रोड पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद राजाखेड़ी की और से एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर पुलिस टीम को देखकर वापिस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान आकशदीप पुत्र सतनाम निवासी सिबीया कोटकपुरा पंजाब के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी पहनी हुइ पेंट की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। देसी पिस्तौल को खोलकर जांच की तो लोड मिला। अनलोड करने पर दो जिंदा रौंद मिले।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। उसके एक दोस्त ने कुछ दिन पहले अवैध देसी पिस्तौल व जिंदा रौंद यूपी निवासी एक युवक से दिलवाए थे। दोस्तों में रौब दिखाने के लिए वह अवैध देसी पिस्तौल व रौंद को साथ लेकर चलने लगा। पुलिस ने आरोपी आकाशदीप के खिलाफ थाना किला में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर बुधवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments