Wednesday, June 3, 2026
Newspaper and Magzine


4357 छात्रों ने दी दूसरे चरण में खंड स्तरीय सड़क सुरक्षा नियमों की परीक्षा

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at November 20, 2025 Tags: , , , , ,

-पानीपत खंड में तीन, बापौली खंड में दो और मतलौडा, इसराना व समालखा खंड पर एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया था

-यातायात नियमों की उक्त प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला

BOL PANIPAT : पुलिस महानिदेशक हरियाणा (DGP) ओपी सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात एवं हाईवे हरदीप सिंह दून आईपीएस के दिशा निदेशानुसार सभी जिलों में यातायात को लेकर स्कूल/कॉलेज के विद्यार्थियों की सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता करवाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में जिला पानीपक में वीरवार को दूसरे चरण की खंड स्तरीय परीक्षा शातिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जिला के 4357 विद्यार्थियों ने खंड स्तरीय परीक्षा में भाग लिया। उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने विद्यार्थियों से रूबरू होकर बातचीत की। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला।

उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार ने बताया कि दूसरे चरण की खंड स्तरीय परीक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा शिक्षा विभाग के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर तैयारी की गई थी। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को आयोजित हुई इस परीक्षा में जिला के पानीपत खंड में तीन, बापौली खंड में दो और मतलौडा, इसराना व समालखा खंड पर एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इस परीक्षा का आयोजन चार लेवल पर करवाया जा रहा है। प्रथम लेवल में कक्षा तीसरी से पांचवी, दूसरे लेवल में कक्षा छठी से आठवीं, तीसरे लेवल में कक्षा नौवीं से बाहरवीं और चौथे लेवल में कॉलेज व शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की परीक्षा का आयोजन 15 अक्तूबर को करवाया जा चुका है। जिसमें जिला के सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के 2 लाख 31 हजार 943 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। प्रथम चरण की परीक्षा में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले चारों लेवल के 4357 विद्याथियों ने वीरवार को आयोजित हुई दूसरे चरण की खंड स्तरीय परीक्षा में भाग लिया।
इसके बाद जिला स्तर व राज्य स्तर पर परीक्षा ली जाएगी। खंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाली टीम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। सभी स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीया आने वाली टीम के विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाऐगा।

उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रारम्भ से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी पालना करने के लिए प्रेरित करना ही परीक्षा का मकसद है क्योंकि बचपन से सीखा हुआ सबक जिन्दगी भर याद रहता है। इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के साथ मिलकर इस परीक्षा का आयोजन किया गया है।

यातायात थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि खंड पानीपत के विद्यार्थियों के लिए लाल बत्ती चौक के नजदीक गवर्नमेंट माडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल तहसील कैंप, पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल माडल टाउन में खंड इसराना के विद्यार्थियों के लिए गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी कारद में खंड मतलौडा के विद्यार्थियों के लिए गवर्नमेंट माडल संस्कृति स्कूल मतलौडा में खंड समालखा के विद्यार्थियों के लिए लॉर्ड कृष्णा स्कूल हथवाला रोड समालखा में खंड बापौली के विद्यार्थियों के लिए गवर्नमेंट गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल बापौली, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बापौली में परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

Comments