अवैध शराब तस्करी करता युवक गिरफ्तार, 22 बोतल अवैध देसी व अंग्रेजी शराब और 17 बीयर कैन बरामद.
BOL PANIPAT , 04 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी सहित अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत शुक्रवार को किशनपुरा चौकी पुलिस ने गोहाना रोड फ्लाई ओवर पुल के पास निर्माणाधीन अंडर पास के नजदीक एक युवक को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 22 बोतल अंग्रेजी व देसी शराब और 17 बीयर कैन बरामद हुई है।
किशनपुरा चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर कटार सिंह ने बताया कि किशनपुरा चौकी पुलिस टीम शुक्रवार को गश्त के दौरान शास्त्री कॉलोनी में थी। तभी गुप्त सूचना मिली की एक युवक बैग व प्लास्टिक कट्टे में अवैध शराब लेकर गोहाना रोड फ्लाई ओवर पूल के पास निर्माणाधीन अंडर पास की तरफ आ रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक पहुंचकर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात एक युवक किशनपुरा की तरफ से हाथ में बैग व सिर पर प्लास्टिक कट्टा रखे हुए आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान प्रमोद पुत्र रामेश्वर निवासी किशनपुरा के रूप में बताई। बैग को चैक करने पर 10 बोतल व 1 पव्वा अंग्रेजी शराब और प्लास्टिक कट्टे से 7 बोतल व 20 पव्वे देसी शराब और 17 बीयर कैन बरामद हुई।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर कटार सिंह ने बताया कि बरामद अवैध शराब व बीयर को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में एक्साइज एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।

Comments