विदेश भेजने के नाम पर 12लाख रूपए ठगने मामलें में आरोपी गिरफ्तार।
BOL PANIPAT : 29 अप्रैल 2025, थाना चांदनी बाग पुलिस ने मार्केट बोर्ड कॉलोनी निवासी युवक को विदेश भेजने के नाम पर 12 लाख रूपए की धोखाधड़ी करने मामले में एक आरोपी को सोमवार देर शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अमित निवासी गोली असंध करनाल के रूप में हुई।
थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मामले में नामजद अपने भाई अशोक व अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने मंगलवार को अरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही ठगी गई नगदी बरामद करने का प्रयास करेंगी।
यह है मामला
पुलिस महानिरीक्षक अंबाला मंडल को उनके कार्यालय में साहिल पुत्र मदन निवासी सुताना हाल मार्केट बोर्ड कॉलोनी पानीपत ने शिकायत देकर बताया था कि 15 जुलाई 2023 को उसके पास अशोक पुत्र रामनिवास निवासी गोली करनाल ने फ्रांस से फोन कर कहा कि वह उसको व अपने गांव निवासी दीपक को फ्रांस में बुलाकर नौकरी लगवा देगा और यहा वे अच्छा पैसा कमा सकते है। इसके बाद अशोक का भाई अमित उनके घर आकर कहने लगा फ्रांस जाकर यूरो कमा घर की स्थिति सुधार सकते हो। अमित ने उससे कहा कि उसने काफी बच्चे विदेश भेजे है। और अपने भाई अशोक को फ्रांस भेज रखा है। अशोक फ्रांस में पुलिस महकमें में कार्य करता है और उसकी वहा उच्च स्तर पर जान पहचान है।
अमित ने फ्रांस भेजने के उससे 20 लाख रूपए मांगे। 12 लाख रूपए में बात फाइनल हो गई। 18 अगस्त 2023 को अमित ने उससे 90 हजार रूपए तीन अलग अलग खातों में ऑनलाईन लेने के साथ ही 10 हजार रूपए कैश ले गया। 31 अगस्त 2023 को अशोक ने फोन कर कहा कि विकास निवासी रोहतक को वीजा लगवाने व टिकट के पैसे देने है। अशोक का भाई अमित दोस्त चांद उर्फ चांदी के साथ मलिक पेट्रोल पंप के पास आया और उससे 5 लाख रूपए ले गया। दोनों ने जल्द काम होने का आश्वासन दिया।
13 सितंबर 2023 को अशोक ने फोन कर उसे 14 सितंबर को सामान सहित एयरपोर्ट पर पहुंचने के लिए कहा। 14 सितंबर को वह और दीपक एयरपोर्ट पर पहुंच गए जहा एक अज्ञात युवक ने उनको पासपोर्ट, वीजा व टिकट दी। वीजा देखा तो वह रूस का था। उन्होंने तभी अशोक से फोन कर इस बारे बात की कहने लगा रूस पहुंचने के बाद फ्रांस का वीजा मिल जाएगा। विश्वास में लेकर उन दोनों को रूस भेज दिया। जहा रूस के मिनशक शहर में अशोक ने अपने जानकारों को बोलकर उन दोनों को एक कमरे में रखा और फ्रांस भेजने के बाकी पैस देने के लिए कहा। 20 सितंबर 2023 को अमित उनके घर आकर 5 लाख 20 हजार रूपए कैश व 80 हजार रूपए खाता में ट्रांसफर करवाकर ले गया। अमित ने आगे एजेंट को पैसे नहीं दिए। पैसे न देने पर मिनशक शहर में उनको कमरे में कैद कर मारपीट की और मोबाइल फोन भी छिन लिए। उसको एक महीने तक कमरें में कैद कर रखा गया। एक दिन वह एजेंट के चंगुल से निकलने में कामयाब हो गया और दस्तावेज के साथ पुलिस के पास जाकर मदद मांगी। घर वालों ने 300 यूरो भेजे। पुसिल ने उनकी वीजा लगवाने में मदद की जिसके चलते वह 10 नवंबर 2023 को वह अपने देश भारत पहुंचा। उसने अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने अपने पास बुलाकर उसके साथ मारपीट की और फोन छीनकर तोड़ दिया। आरोपियों ने फ्रांस भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर उससे 12 लाख रूपए ठग लिए। थाना चांदनी बाग में शिकायत प्राप्त होने पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं सहित एमीग्रेशन एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments