अवैध देसी पिस्तौल सहित आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT, 15 सितंबर: सीआईए थ्री पुलिस टीम ने चौटाला रोड पर एक आरोपी को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मनमोहन नगर निवासी उस्मान के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि सोमवार शाम को उनकी टीम गश्त के दौरान सिवाह बस अड्डे के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि मनमोहन नगर निवासी एक युवक अवैध हथियार लेकर चौटाला रोड पर पावर हाउस के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसकी पहनी हुई जींस पैंट की आट से एक देसी पिस्तौल और जेब से एक जिंदा रौंद बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर जांच करने पर वह अनलोड मिली। देसी पिस्तौल का लाइसेंस व परमिट दिखाने के लिए कहा गया तो आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान उस्मान पुत्र अफसर अली निवासी मनमोहन नगर के रूप में बताई।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशा करने का आदी है। उसने करीब पांच से छह महीने पहले सनौली रोड पर नाले के पास मिले दो अज्ञात युवकों से उक्त देसी पिस्तौल और जिंदा रौंद लिया था। बाद में वह पिस्तौल को कभी-कभी अपने साथ लेकर चलने लगा।
पुलिस ने आरोपी उस्मान के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया। मंगलवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Comments