अवैध हथियारों के साथ आरोपी गिरफ्तार. निशानदेही पर असला तस्कर को भी गिरफ्तार किया.
एक देसी पिस्तौल 315 बौर, एक देसी पिस्तौल 12 बौर व एक जिंदा कारतूस बरामद
BOL PANIPAT : 31 दिसम्बर 2022,सीआईए टू पुलिस की टीम ने शुक्रवार को गश्त के दौरान प्रभावी कार्रवाई करते हुए ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स के साथ लगते गंदा नाला रोड से एक आरोपी को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध एक देसी पिस्तौल 315 बौर, एक देसी पिस्तौल 12 बौर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने असला तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया की उनकी टीम शुक्रवार को गश्त के दौरान ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स के साथ लगते गंदा नाला रोड की पूलिया पर मौजूद थी। टीम को इसी दौरान एक संदिग्ध किस्म का युवक जीटी रोड की और से पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही आरोपी युवक को काबू कर तलाशी ली तो पहनी हुई पेंट की दोनों जेब से अवैध एक देसी पिस्तौल 315 बौर व एक देसी पिस्तौल 12 बौर बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर जांच की तो 315 बौर की देसी पिस्तौल से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सोनू पुत्र सुभाष निवासी जुलाना जीन्द के रूप में बताई।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया की आरोपी सोनू के खिलाफ थाना शहर में आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की तो आरोपी से खुलासा हुआ वह शार्टकट तरिके से पैसे कमाने की चाहत में उक्त हथियारों को बेचने के लिए जीन्द के गांव राजगढ़ निवासी राजेश उर्फ फोजी पुत्र बजे सिंह से लेकर लाया था। शुक्रवार को अवैध हथियारों को बेचने की फिराक में वह पानीपत आया था। पुलिस टीम ने ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स के साथ लगते गंदा नाला रोड पर उसे अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया आरोपी सोनू का पहले भी अपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ जीन्द में वर्ष 2018 में हत्या व मारपीट के दो मुकदमें दर्ज है। हत्या की वारदात में आरोपी जेल से बेल पर आया हुआ है।
असला तस्कर भी गिरफ्तार :
पुलिस टीम ने आरोपी सोनू की निशानदेही पर असला तस्कर आरोपी राजेश उर्फ फोजी निवासी राजगढ़ जीन्द को विकाश नगर से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी राजेश उर्फ फोजी ने बताया की उसको उक्त अवैध हथियार करीब 5 साल पहले जीन्द के गोसाई खेड़ा गांव के खेतों में नहर के पास झाड़ियों में मिले थे। वह हथियारों को घर ले आया था। करीब 20 दिन पहले उसने उक्त अवैध हथियार बेचने के लिए साथी आरोपी सोनू को दिए थे।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि गहनता से पूछताछ करने के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments