चोरीशुदा जेवर खरीदने वाला आरोपी सुनार यूपी के मेरठ से गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 16 अप्रैल 2024, सैनी कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने, चांदी के जेवर चोरी मामले में चोरीशुदा जेवर खरीदने वाले आरोपी सुनार को सीआईए थ्री पुलिस टीम यूपी के मेरठ से गिरफ्तार कर लाई। आरोपी ने चोरीशुदा चांदी के जेवर पिंघला दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिंघली हुई 976 ग्राम चांदी बरामद की।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि थाना किला में सैनी कॉलोनी निवासी कैलाश पुत्र बनारसी ने शिकायत देकर बताया था कि वह 1 मार्च को घर पर ताला लगाकर परिवार सहित यूपी के बागपत में रिश्तेदारी में शादी में गया था। शादी से वापिस घर आए तो मैन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी को चेक किया तो सोने के 2 सेट गले के, 4 अंगूठी, 2 कड़े, 1 नथ, 2 टीके, 7 जोड़ी टॉपस, 1 तिलक, 1 लोंग व चांदी का 1 नारियल, 1 तागड़ी, 9 जोड़ी पायल, 18 सिक्के, 20 जोड़ी चुटकी, 1 जूड़ा व 2 हथफुल नही मिले। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर उक्त सोने चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। कैलाश की शिकायत पर थाना किला में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि सीआईए थ्री पुलिस टीम ने आर्म्स एक्ट के मामले में पानीपत जेल में बंद आरोपी नवाब निवासी कृष्णा गार्डन सेक्टर 25 को बीते बुधवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ कि तो आरोपी ने अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसके साथी आरोपी ने चोरीशुदा जेवर में से चांदी के कुछ जेवर यूपी के मेरठ में सुनार सिद्धनाथ को बेचकर उसको 30 हजार रूपये व सोने की 2 अंगूठी व 10 चांदी के सिक्के देकर बाकी जेवर अपने पास रख लिए थे।
पुलिस ने आरोपी सुनार सिद्धनाथ पुत्र विष्णु निवासी नहवडे सोलापुर महाराष्ट्र हाल सराफा बाजार मेरठ यूपी को रविवार देर शाम यूपी के मेरठ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरीशुदा चांदी के जेवर खरीदने बारे स्वीकारा। खरीदे चांदी के चोरीशुदा सभी जेवर आरोपी ने पिंघला दिये। पुलिस ने आरोपी सुनार के कब्जे से पिंघली हुई 976 ग्राम चांदी बरामद करने के साथ ही आरोपी नवाब के कब्जे से 25हजार रूपये, 10 चांदी के सिक्के व 2 सोने की अंगूठी बरामद कर पूछताछ के बाद सोमवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया। वारदात में शामिल फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments