महिला भ्रूण हत्या रोकने को प्रशासन गंभीर: चेयरमैन शशि लता
जिला सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक में अल्ट्रासाउंड केंद्रों से जुड़े 28 मामलों पर चर्चा
अल्ट्रासाउंड मशीनों की खरीद, स्थानांतरण व पंजीकरण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश
पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के तहत कड़ी निगरानी, कई अस्पतालों पर लिए गए अहम निर्णय
BOL PANIPAT , 28 जनवरी। जिला सिविल सर्जन कार्यालय में बुधवार को जिला सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक चेयरमैन स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ शशी लता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। यह बैठक पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत अल्ट्रासाउंड केंद्रों, मशीनों एवं चिकित्सकों से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए बुलाई गई थी।
बैठक में पीएनडीटी नोडल ऑफिसर डॉ, अभय वत्स, डॉ ललित कुंडू, कैथोलॉजिस्ट डॉ. सोनम, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधीक्षक सतीश कौशिक के अलावा आनुवंशिक एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, सहायक जिला अटॉर्नी एवं गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कुल 28 विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण, नई अल्ट्रासाउंड मशीनों की खरीद, मशीनों के स्थान परिवर्तन, रेडियोलॉजिस्ट एवं अन्य चिकित्सकों के पंजीकरण, समय में परिवर्तन, निरीक्षण रिपोर्ट, तथा पुरानी मशीनों की बिक्री अथवा हटाने से संबंधित मामले शामिल रहे। कई अस्पतालों एवं जांच केंद्रों द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीनों की खरीद व स्थानांतरण की अनुमति मांगी गई थी, जिन पर समिति ने डॉ अभय वत्स व डॉ ललित कुंडू ने कहा कि पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार निर्णय लिए है। कुछ मामलों में आवश्यक दस्तावेज पूरे करने के निर्देश दिए गए। जबकि कई आवेदनों को नियमों के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्थिति में लिंग निर्धारण से संबंधित कानून का उल्लंघन सहन नहीं किया जाएगा। सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों को मशीनों के उपयोग, अभिलेख संधारण, चिकित्सकों की उपस्थिति एवं समय पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समिति चेयरमैन ने कहा कि महिला भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में निरीक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सभी विषयों पर पीसी-पीएनडीटी अधिनियम एवं नियमों के अनुरूप निर्णय लेते हुए बैठक का समापन किया गया।

Comments