Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एग्री स्टैक पंजीकरण अनिवार्य.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at February 27, 2026 Tags: , , , ,

-बिना रजिस्ट्रेशन अटक सकती है पीएम किसान सम्मान निधि

-28 फरवरी से लाडवा में किसान विकास मेला

-सीएम नायब सिंह और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा होंगे मुख्य अतिथि

BOL PANIPAT , 27 फरवरी। जिले में कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को उप निदेशक कृषि कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप निदेशक कृषि विभाग पवन शर्मा ने की। बैठक में सभी खंड कृषि अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उप निदेशक ने अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
विशेष रूप से एग्री स्टैक पोर्टल पर किसानों के पंजीकरण की स्थिति पर गंभीरता से चर्चा की गई। उप निदेशक कृषि ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक किसानों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे सरकार की योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त कर सकें।

उन्होंने अवगत कराया कि जिन किसानों का एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीकरण नहीं होगा, उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई आ सकती है या वे लाभ से वंचित भी रह सकते हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी कृषि कार्यालय या सामान्य सेवा केंद्र पर जाकर शीघ्र एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं।

बैठक में किसान विकास मेले की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। 28 फरवरी और 1 मार्च को लाडवा, कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले किसान विकास मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई। मेले के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा होंगे।

मेले में किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, आधुनिक कृषि यंत्रों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। जिले से कुल 15 बसों के माध्यम से किसानों को मेले में ले जाया जाएगा। प्रत्येक खंड से तीन-तीन बसें रवाना होंगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों की सूची तैयार कर समय पर प्रस्थान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

    उप निदेशक पवन ने जिले के किसानों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में विकास मेले में भागेदारी करें तथा एग्री स्टैक पोर्टल पर अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से करवाकर सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। बैठक में एसडीओ देवेंद्र कुहाड़ सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद।

Comments