रन फॉर यूनिटी युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से जोड़ेगी. देश की एकता का बनेगी प्रतीक: उपायुक्त डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया
-31 अक्टूबर को भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’, 5000 से अधिक युवा दौड़ेंगे एकता के संदेश के साथ
-सौहार्दपूर्ण माहौल में होगा कार्यक्रम संपन्न: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
-रन फॉर यूनिटी युवाओं में देशभक्ति और एकता की भावना को सशक्त करेगी: दुष्यंत भट्ट
-सभी शिक्षण संस्थानो एनजीओ, खेल नर्सरींयों की रहेगी अहम भागीदारी
-संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंपी अहम जिम्मेदारियां
BOL PANIPAT , 24 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को जिला स्तरीय ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को रन 480 को सफल बनाने को लेकर अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसडीएम मनदीप सिंह होंगे। उपायुक्त ने सभी शिक्षण संस्थानों, कॉलेज, आईटीआई व स्कूलों को अध्यक्षों को अपने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस कार्य की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा को दी गई है।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस अटूट इच्छाशक्ति और अदम्य साहस के साथ देश को एक सूत्र में पिरोया, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य केवल दौड़ का आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में एकता, अनुशासन और राष्ट्र प्रेम की भावना को मजबूत करना है।
उपायुक्त डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि 5 हजार से अधिक युवा इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेंगे। यह दौड़ युवाओं को यह संदेश देगी कि जब हम एकजुट होते हैं तो हर चुनौती को पार कर सकते हैं। मैं चाहता हूं कि जिले का हर युवा सरदार पटेल की तरह देशहित में सोचने और कार्य करने की प्रेरणा ले। उपायुक्त ने बताया कि रन फॉर यूनिटी की शुरुआत सुबह 7 बजे जिला सचिवालय से होगी। प्रतिभागी मुख्य मार्ग से होते हुए सेक्टर 13-17 मैदान (हेलीपैड ग्राउंड) तक पहुंचेंगे, जहां कार्यक्रम का समापन होगा। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि रूट पर ट्रैफिक पुलिस की टीम, दो एंबुलेंस और 100 तिरंगा लेकर चलने वाले स्वयं सेवक युवाओं के साथ रहेंगे। सभी प्रतिभागियों को कार्यक्रम के बाद रिफ्रेशमेंट भी प्रदान किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि रन फॉर यूनिटी शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न होगी। मार्ग का निरीक्षण कर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि रन फॉर यूनिटी युवाओं में देशभक्ति और एकता की भावना को सशक्त करेगी। सरदार पटेल के आदर्श आज भी हमें संगठित भारत का मार्ग दिखाते हैं। इस आयोजन से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना और भी प्रगाढ़ होगी। बैठक में एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डीएसपी सुरेश सैनी, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीईओ राकेश बूरा, ईटीओ भारद्वाज, कोच महिपाल, कृष्ण छोकर, चांद भाटिया, संदीप जिंदल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने बताया कि अगले महीने नवंबर में सरकार द्वारा गवालडा से समालखा तक पैदल यात्रा का भी आयोजन किया जाएगा, इसमें हजारों की संख्या में युवा भाग लेंगे। यह पद यात्रा समालखा में जाकर संपन्न होगी। इस यात्रा में जो गांव समालखा व गवालड़ा के मध्य आते हैं उनके सरपंच भी भागीदारी करेंगे। इस यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारी की जा रही है। उपायुक्त डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने समालखा व इसराना के एसडीएम को जिन स्थानों से होकर यह पद यात्रा गुजरेगी उसका निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।

Comments