सरकार की जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है सेवा संकल्प अभियान: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलेगा, 17 अक्टूबर तक जिले में लगाए जाएंगे सेवा सेतु शिविर
सेवा संकल्प अभियान में शिविरों के आयोजन की रूपरेखा तैयार
ब्लॉक, बड़े गांवों और शहरी क्षेत्रों में लगेंगे ये विशेष शिविर
BOL PANIPAT , 18 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 अक्टूबर तक सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिलाना है। जिला प्रशासन ने ब्लॉक के बड़े बड़े गांवों तथा नगर निगम और नगर परिषद स्तर पर शिविरों के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सरकार की जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उपायुक्त ने बताया कि सेवा सेतु शिविरों का मूल उद्देश्य यही है कि पात्र व्यक्ति को किसी योजना का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन स्वयं नागरिकों तक पहुंचेगा और उन्हें योजनाओं की जानकारी, पात्रता तथा लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत करवाएगा।
उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि सभी संबंधित विभाग शिविरों में अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं लेकर पहुंचें तथा पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने को प्राथमिकता दें। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। शिविर स्थलों पर टेंट, मेज, कुर्सियां, पेयजल, बिजली, पंखे सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। साथ ही, संबंधित क्षेत्रों में व्यापक मुनादी और प्रचार-प्रसार करवाकर अधिक से अधिक लोगों को शिविरों की जानकारी दी जाए।
विदित रहे कि समालखा नगर परिषद कार्यालय में 21 और 22 सितंबर को सेवा सेतु शिविर लगाए जाएंगे। पानीपत नगर निगम कार्यालय में 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय शिविर आयोजित होंगे। इसी प्रकार इसराना ब्लॉक में 27 सितंबर, कुराना में 24 सितंबर तथा नौल्था में 25 सितंबर को शिविर प्रस्तावित हैं। समालखा ब्लॉक में 1 अक्टूबर, चुलकाना में 2 अक्टूबर तथा पट्टी कल्याणा में 2 अक्टूबर को शिविर लगाए जाएंगे। पानीपत ब्लॉक में 5 अक्टूबर, सिवाह में 6 अक्टूबर और जाटल में 6 अक्टूबर को शिविर आयोजित होंगे। मतलौडा ब्लॉक में 7 अक्टूबर, वैसर में 8 अक्टूबर तथा कवी में 9 अक्टूबर को शिविर लगाए जाएंगे। इसी तरह सनौली ब्लॉक में 11 अक्टूबर, राणा माजरा में 12 अक्टूबर, बापौली ब्लॉक में 14 अक्टूबर, छाजपुर खुर्द में 13 अक्टूबर, उझा में 15 अक्टूबर तथा डाडौला में 16 अक्टूबर को सेवा सेतु शिविर प्रस्तावित हैं।
उपायुक्त ने कहा कि इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ पात्रता और आवेदन संबंधी मार्गदर्शन भी मिल सके। उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की पूरी जानकारी के साथ शिविरों में उपस्थित रहें। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र नागरिकों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी जितनी मजबूत होगी, सरकारी योजनाओं का लाभ उतनी ही तेजी से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे शिविरों को औपचारिकता न मानकर सेवा और समाधान का प्रभावी मंच बनाएं।

Comments