Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


विधानसभा चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सभी विभाग करें सहयोग: डीसी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 30, 2024 Tags: , , , , ,

-जिला के सरकारी अधिकारी व कर्मचारी अपने आप को राजनीतिक गतिविधियों से रखें दूर
-रिटर्निंग अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश
-सभी पोलिंग स्टेशनों पर उपलब्ध हो मूलभूत जनसुविधाएं

BOL PANIPAT , 30 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डाक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने 1 अक्तूबर, 2024 को होने वाले हरियाणा विधानसभा आम चुनावों के मध्यनजर जिला के सभी विभागों के कर्मचारियों व अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि चुनाव के इस महापर्व में उनके विभागों के चुनाव से सम्बंधित कार्यो को सुचारू रूप से परिपूर्ण करवाएं तथा जिला निर्वाचन कार्यालय/ रिटर्निंग अधिकारी द्वारा लगाई गई चुनाव से सम्बंधित किसी भी प्रकार की ड्यूटी का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करें ताकि चुनाव सफल एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो सकें, जो हम सबकी सामूहिक जिम्मेवारी बनती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डाक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि चुनाव प्रबंधन से जुड़ा हुआ हर कार्य उनके विभाग द्वारा त्वरित व समुचित रूप से किया जाए और पोलिंग स्टेशनों पर विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जाने वाली व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन हो। उन्होंने जिला के अधिकारियों व कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे अपने आपको किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखे। जैसे कि राजनीतिक दलों के प्रचार-प्रसार, बूथ एजेंट, चुनाव एजेंट व मतगणना एजेंट बनना इत्यादि। उन्होंने बताया कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 129  के अनुसार कोई भी व्यक्ति जो चुनाव के संबंध में कोई कर्तव्य निभाने के लिए नियुक्त अधिकारी या क्लर्क है वह चुनाव के संचालन व प्रबंधन में किसी उम्मीदवार के चुनाव की सम्भावनाओं को बढ़ावा देने के लिए कोई कार्य (वोट देने के अलावा) नहीं करेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि धारा 134 के तहत चुनाव से सम्बंधित पदीय कर्तव्य (चुनाव डयूटी) के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर उस व्यक्ति को दंडित किया जा सकता है। 134 (क) के तहत यदि सरकार की सेवा में कोई व्यक्ति किसी चुनाव में किसी उम्मीदवार के चुनाव एजेंट या मतदान एजेंट या मतगणना एजेंट के रूप में कार्य करता है तो उसे तीन महीने तक के कारावास या जुर्माने से दंडित किया जा सकता है। इसके अलावा, हरियाणा सिविल सेवा (कर्मचारी आचरण) नियम 2016 के नियम 9 के तहत कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी राजनीतिक दल या किसी ऐसे संगठन का जो राजनीति में भाग लेता है सदस्य नहीं होगा, इसके साथ ही वह किसी राजनीतिक आंदोलन या गतिविधि में भाग नहीं लेगा। यदि कोई कर्मचारी इन नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही होगी। उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को ये भी निर्देश दिए कि वें व्यक्तिगत रूप से पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण करें और वहा पर सुनिश्चित करें कि सभी न्यूनतम मूलभूत जन सुविधाएं जैसे कि पीने का पानी, बिजली, शौचालय की व्यवस्था हो। यदि निरीक्षण के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कमी नजर आती है तो वे सम्बंधित विभाग को निर्देश देकर उस कार्य को चुनाव से पहले पूरा करवाएं।

Comments