Saturday, August 1, 2026
Newspaper and Magzine


अधिकारी असंध मार्ग के सभी गड्ढे, दो दिन में भरे ,व्यवस्था में चूक पर होगी कड़ी कार्रवाई : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 1, 2026 Tags: , , , , , ,

कांवड़ यात्रा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, डीसी-एसपी ने सड़क पर उतरकर दिए सख्त निर्देश

कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, हर व्यवस्था समय पर पूरी करें : डीसी-एसपी

असंध रोड पर प्रशासन का सख्त निरीक्षण, अधिकारियों को जिम्मेदारी से काम करने की चेतावनी

BOL PANIPAT , 1 अगस्त। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने शनिवार दोपहर बाद जाटल रोड के देशराज चौक से असंध मार्ग का निरीक्षण कर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले दो दिनों के भीतर सड़क पर मौजूद सभी गड्ढों को हर हाल में भरकर मरम्मत कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी, समन्वय और गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्यों में लापरवाही या देरी सामने आई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा, “कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी सड़क पर गड्ढा, अवरोध या अन्य कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करें। दूसरे दिन असंध रोड के नारा नाके तक पुनः निरीक्षण किया जाएगा और यदि कोई कमी मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने देशराज चौक से असंध मार्ग के बीच पड़ने वाले कच्चे रास्तों को अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए, ताकि डाक कांवड़ के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही उन्होंने असंध मार्ग के किनारे नीचे तक फैली पेड़ों की शाखाओं की तत्काल छंटाई कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए, जिससे बड़े वाहनों और कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा, “कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सभी पुलिस अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ अपने-अपने क्षेत्र में तैनात रहेंगे। मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध तत्काल हटाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस मिलकर लगातार निगरानी रखेंगे। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक कांवड़िया सुरक्षित, व्यवस्थित और बिना किसी असुविधा के अपने गंतव्य तक पहुंचे।”
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, अन्यथा मजबूरन उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप कुमार, डीएसपी सुरेश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply