सभी धार्मिक व सामाजिक संगठनों को किया सम्मानित
सभी धार्मिक व सामाजिक संगठनों का कोटि-कोटि धन्यवाद: सांसद
BOL PANIPAT , 26 अप्रैल। लघु सचिवालय के द्वितीय तल पर स्थित सभागार में शहर के विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों की बैठक को सम्बोधित करते हुए सांसद ने कहा कि गत दिवस प्रदेश सरकार द्वारा पानीपत में गुरु श्री तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में जो समागम आयोजित किया गया था उसमें शहर की सभी धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने पूरी जिम्मेवारी और निष्ठा के साथ ईमानदारी से अपने-अपने फर्ज को निभाया। इसके लिए पूरी प्रदेश सरकार व केन्द्र सरकार की तरफ से आप सब कोटि-कोटि धन्यवाद के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि समागम के दिन 6 महीने के बच्चें से लेकर 90 साल तक के बुजुर्ग में एक श्रद्धाभाव नजर आ रहा था। सब लोग सेवाभाव से पूरी व्यवस्था के साथ अपने-अपने कार्य में लगे हुए थे। यह कार्यकम सभी धर्म, जाति व वर्ग से ऊपर उठकर प्रदेश सरकार द्वारा एक सामाजिक समरस्ता के साथ आयोजित किया गया था और यह हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि यह कार्यक्रम अपने पीछे पानीपत के इतिहास में कई तरह की छाप छोडक़र गया है। इतनी गर्मी और सोच से भी अधिक भीड़ होने के कारण भी पूरा कार्यक्रम व्यवस्थित रहा, यह गुरुओं की मेहरबानी की वजह से हम सबके लिए एक संयोग की बात रही।
इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रशासन की तरफ से विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को प्रशसा पत्र देकर भी सम्मानित किया और उम्मीद की कि वे आगे भी इसी श्रद्धाभाव से सामाजिक कार्यो में बढचढ कर भाग लेते रहेंगे। इस अवसर पर इसराना साहिब गुरुद्वारा के महंत बाबा दलविन्द्र जी और गुरुद्वारा जोध संचियार आसनकलां के बाबा मनमोहन सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह सभी धर्मो के लिए एक ऐतिहासिक बात है कि वर्तमान में केन्द्र व प्रदेश की सरकार द्वारा सभी गुरुओं के पर्व, जयंती मनाई जा रही है जिससे हमारी आने वाली पीढीयां भी प्रेरित हो रही हैं। इस मौके पर मेयर अवनीत कौर, जिला उपायुक्त सुशील सारवान, अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा, भाजपा जिला अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, जजपा जिला अध्यक्ष सुरेश काला, पूर्व मेयर व वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार भूपेन्द्र सिंह इत्यादि उपस्थित रहे।

Comments