Wednesday, August 12, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत बस अड्डे पर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 12, 2026 Tags: , , , , ,

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया

ब्यूरो के उप निरीक्षक डॉ. अशोक ग्राम ग्राम तक साइकिल के साधन का प्रयोग करते हुए दे रहे नशा से दूर रहने का संदेश

BOL PANIPAT , 12 अगस्त। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशा-निर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद एवं ब्यूरो के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत पानीपत बस अड्डे पर चालक प्रशिक्षणार्थियों के लिए नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर चालक शिक्षण संस्थान के कर्मियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया, जिसमें चालक प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रदेश के ग्राम ग्राम तक साइकिल के साधन से पहुँच रहे हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का उद्देश्य हरियाणा को तीन स्तरों पर नशा मुक्त बनाना है। पहला, प्रवर्तन (इनफार्समेंट) के माध्यम से नशा तस्करों और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर उन्हें सलाखों तक पहुँचाना और साथ ही नशे के व्यापार से अर्जित सम्पति को नष्ट करना। दूसरा, जागरूकता (जागरूकता ) के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना। तीसरा, उपचार एवं पुनर्वास (ट्रिटमेंट एण्ड रिहेबीटेशन) के माध्यम से नशे की लत से पीडि़त व्यक्तियों का उपचार कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाना।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार नशे की लत से ग्रस्त व्यक्ति को उपचार योग्य पीडि़त मानती है और उसके पुनर्वास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. वर्मा ने चालक प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि एक जिम्मेदार चालक को हमेशा तीन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए—पहला, नींद पर नियंत्रण रखें – अर्थात रात्रि में पूर्ण विश्राम करें। दूसरा, क्रोध पर नियंत्रण रखें, क्योंकि क्रोध में लिया गया निर्णय दुर्घटना का कारण बन सकता है। तीसरा, नशे से पूर्णत: दूर रहें, क्योंकि नशे की अवस्था में वाहन चलाना स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रार्थना की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी, नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508 तथा राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाती है। कार्यक्रम के अंत में सभी चालक प्रशिक्षणार्थियों ने नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में सहयोग देने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश का प्रचार प्रसार का संकल्प लिया।

Comments


Leave a Reply