एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने 11.93 ग्राम हेरोइन के साथ नशा तस्कर को गिरफ्तार किया
BOL PANIPAT , 13 मई: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम द्वारा नशा तस्करी की वारदातों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने मंगलवार को मनाना मोड़ पर एक युवक को 11.93 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान डाहर निवासी साहिल के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम मंगलवार शाम को गश्त के दौरान समालखा अड्डा पर थी। तभी सूचना मिली की जीटी रोड स्थित मनाना मोड़ पर डाहर निवासी एक युवक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो सामने खड़ा एक युवक पुलिस टीम को देखकर मनाना गांव की और चलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान साहिल पुत्र विनोद निवासी डाहर के रूप में बताई। टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मेजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार समालखा कैलाश चंद्र की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली तो उसकी पहनी हुई पेंट की जेब से पोलिथीन में पैक हेरोइन (नशीला पदार्थ) बरामद हुई। बरामद हेरोइन का वजन करने पर 11.93 ग्राम पाया गया।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसने शार्टकट तरिके से पैसे कमाने के लिए 5/6 दिन पहले गांव निवासी एक व्यक्ति से 15 ग्राम हेरोइन कम कीमत पर खरीद थी। जिसमें से उसने कुछ हेरोइन राह चलते अज्ञात नशा करने वालो को बेच दी। वह मंगलवार को बची 11.93 ग्राम हेरोइन को बेचने के लिए मनाना मोड़ पर ग्राहक की फिराक में आया था। थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने बुधवार को आरोपी साहिल को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही नशा सप्लायर को काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments