आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना के लिए करें आवेदन: उपायुक्त
BOL PANIPAT , 20 फरवरी। उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने बेटियों को सशक्त बनाने के लिए आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना क्रियान्वित की है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए सरल पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। यह योजना लिंगानुपात में सुधार एवं बालिकाओं की शिक्षा के उचित अवसर प्रदान करने में अहम साबित हुई है।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि इस योजना का लाभ वे सभी बालिकाएं उठा सकतीं हैं, जिनका जन्म 22 जनवरी 2015 को या फिर उसके बाद हुआ है। सभी अनुसूचित जाति एवं बी.पी.एल परिवारों की बेटियां भी इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकतीं हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत बेटी के जन्म पर सरकार द्वारा 21 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाती है। यह राशि बालिका के 18 वर्ष पूर्ण होने पर ब्याज सहित बालिका के खाते में जमा की जाती है। इस योजना का लाभ बालिका तभी उठा सकेगी जब वह अविवाहित होगी। उन्होंने बताया कि परिवार की दूसरी बेटी को पांच साल तक हर वर्ष 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना का लाभ केवल हरियाणा के नागरिक ही उठा सकते हैं।

Comments