आर्य कॉलेज में महिला दिवस पर ‘सेल्फ डिफेंस’ पर विस्तार व्याख्यान आयोजित : छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
BOL PANIPAT : बुधवार 11 मार्च 2026, आर्य कॉलेज की महिला सेल इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक दिवसीय विस्तार व्याख्यान का शानदार आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘सेल्फ डिफेंस’ (आत्मरक्षा) रहा, जिसमें छात्राओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर पाइट स्कूल की प्रसिद्ध मार्शल आर्ट कोच मुस्कान मलिक ने शिरकत की। अपने संबोधन में मुस्कान मलिक ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा की तकनीक सीखना केवल एक कौशल नहीं, बल्कि एक आवश्यकता है। केवल व्याख्यान तक सीमित न रहते हुए, मुस्कान ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने मंच पर मार्शल आर्ट की कुछ महत्वपूर्ण गतिविधियां और ‘डेमो’ करके दिखाए, जिनमें विपरीत परिस्थितियों में खुद को सुरक्षित निकालने के तरीके शामिल थे। छात्राओं ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और हमले के समय बचाव के प्रैक्टिकल टिप्स सीखे।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं का शारीरिक रूप से सक्षम होना अनिवार्य है। इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य छात्राओं के भीतर छिपे डर को समाप्त करना और उनमें आत्मविश्वास भरना है। जब एक बेटी आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस करती है, तभी वह समाज के निर्माण में निडर होकर योगदान दे सकती है।
महिला सेल की प्रभारी डॉ. मीनल तालास ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने वक्ता मुस्कान मलिक का स्वागत किया और कहा कि महिला सेल सदैव छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर रहता है। हमारा उद्देश्य है कि कॉलेज की हर छात्रा न केवल शैक्षणिक रूप से अव्वल रहे, बल्कि अपनी सुरक्षा के प्रति भी सजग और प्रशिक्षित हो। मुस्कान मलिक द्वारा सिखाई गई तकनीकें छात्राओं के बहुत काम आएंगी।
व्याख्यान के अंत में कॉलेज प्रबंधन द्वारा मुख्य वक्ता मुस्कान मलिक को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य और भारी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं, जिन्होंने इस सत्र को अत्यंत प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।
इस अवसर पर कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक डॉ. राजेश टूर्ण, अंग्रेजी विभाग की प्रध्यापिका सुमन शिंगला, नेहा गौतम, खुशबू वर्मा व पाध्यापक राजा तोमर मौजूद रहे।

Comments