राज्य स्तरीय यूथ एवं रेड क्रॉस शिविर में आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
BOL PANIPAT , बुधवार 18 मार्च 2026, कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र की यूथ एंड रेड क्रॉस इकाई द्वारा पाँच दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ एवं रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन राजस्थान के उदयपुर शहर में स्थित राजस्थान कॉलेज ऑफ ऐग्रिकल्चर में करवाया गया। शिविर में आर्य कॉलेज के 10 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी व मेडल अपने नाम किए। कॉलेज प्राचार्य प्रो. (डॉ) जगदीश गुप्ता ने विजेता प्रतिभागियों का बुधवार को कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की व साथ ही कॉलेज की वाईआरसी इकाई के प्रभारी डॉ. विजय सिंह व उनकी पूरी टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कॉलेज प्राचार्य प्रो. (डॉ) जगदीश गुप्ता ने बताया कि पाँच दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ एवं रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 11 से 15 मार्च 2026 तक राजस्थान के उदयपुर शहर में में स्थित राजस्थान कॉलेज ऑफ ऐग्रिकल्चर में आयोजित किया गया। कॉलेज की मनोविज्ञान की प्रध्यापिका खुशबू वर्मा के सानिध्य में कॉलेज के 10 से ज्यादा विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। शिविर में पाँच दिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित करवाई गई। जिसमें आर्य कॉलेज के जनसंचार विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र पुनीत किराड़िया ने भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया, वहीं कॉलेज के बी.ए द्वितीय वर्ष के छात्र मोंटी ने नृत्य प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। साथ ही 6 बच्चों को अच्छे स्वयंसेवक बनने पर मेडल भी दिए गए।
प्रो. (डॉ) जगदीश गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को इस प्रकार की गतिविधियों में जरूर भाग लेना चाहिए, ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों को नई-नई जानकारियां तो मिलती ही हैं साथ ही अपने कौशल का प्रदर्शन करने का भी अवसर मिलता है और दूसरे राज्यों की संस्कृति को भी जानने का मौका मिलता है।
इस अवसर पर वाईआरसी इकाई के प्रभारी डॉ. विजय सिंह, प्राध्यापिका खुशबू वर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहें।

Comments