आर्य कॉलेज महिला वॉलीबॉल टीम ने लगातार तीसरी बार जीता इंटर जोनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक
– प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने दी बधाई
BOL PANIPAT- शुक्रवार 18 सितंबर 2026 : आर्य कॉलेज की महिला वॉलीबॉल टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के इंटर जोनल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 15-17 सितंबर तक आयोजित इंटर जोनल महिला वॉलीबॉल मुकाबलों में पहले मैच में जनता कॉलेज क़ौल को 3-0 से, दूसरे मैच में डीएवी कॉलेज फॉर वुमेन करनाल को 3-1 से और तीसरे व संघर्षपूर्ण फाइनल मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय पंचकूला को 3-2 से हराकर टीम ने लगातार तीसरे साल खिताब अपने नाम किया।
इस ऐतिहासिक जीत पर आर्य कॉलेज के प्राचार्य महोदय प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेता टीम, कोच और खेल विभाग को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार इंटर जोनल खिताब जीतना महाविद्यालय की खेल संस्कृति, खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का प्रमाण है। प्राचार्य महोदय ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कोचिंग कैंप के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रेरणा रावल, जीविधा सिंह, ज्योति, शांभवी सिंह, पायल यादव, आरती, ख़ुश्बू रावत और नाज़िया ख़ातून का चयन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम में कोचिंग कैंप के लिए हुआ है।
महिला वॉलीबॉल टीम की इस शानदार जीत और खिलाड़ियों के चयन पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि आर्य कॉलेज आगे भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश तूर्ण, राजेंद्र देशवाल, सुनील पहल व प्राध्यापिका रजनी समेत कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments