जागरूकता ही बीमारी के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार, युवाओं की भागीदारी सराहनीय: हरपाल ढांडा
सही जानकारी, समय पर जांच और सुरक्षित व्यवहार से एचआईवी के प्रसार पर लगाया जा सकता है अंकुश: एसडीएम मनदीप कुमा
एचआईवी/एड्स, टीबी व एसटीआई जागरूकता के संदेश से गूंजा पानीपत , विभिन्न संगठनों के युवाओं ने निकाली बाइक रैली
सैकड़ों युवाओं ने दिया स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का संदेश, नशे से दूर रहने का किया आह्वान
BOL PANIPAT , 1 अक्तूबर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गहन सूचना शिक्षा एवं संचार अभियान के तहत वीरवार को एचआईवी/एड्स, यौन संचारित संक्रमण एवं टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बाइक रैली का आयोजन किया गया।
सामान्य अस्पताल परिसर से निकाली गई इस जागरूकता बाइक रैली को शिक्षा मंत्री प्रतिनिधि हरपाल ढांडा और एसडीएम मनदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न संस्थानों के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी बाइक सवारों ने सफेद टी-शर्ट और कैप पहनकर जागरूकता का संदेश दिया।

यह रैली सामान्य अस्पताल परिसर से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई पुराना बस स्टैंड, लाल बत्ती, संजय चौक होते हुए लघु सचिवालय के रास्ते वापस सामान्य अस्पताल परिसर में संपन्न हुई। रैली के दौरान युवाओं ने एचआईवी/एड्स, टीबी एवं एसटीआई से बचाव, नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेश दिए। जिन मार्गों से रैली गुजरी, वहां युवाओं में विशेष उत्साह एवं उमंग दिखाई दी। बाइक सवारों ने भारत माता की जय के जयकारे भी लगाए। रैली के दौरान यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखा गया।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बड़े भाई एवं प्रमुख समाजसेवी हरपाल ढांडा ने बाइक रैली में शामिल युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए इस प्रकार के आयोजन बेहद जरूरी हैं। एचआईवी/एड्स, टीबी और अन्य संक्रामक बीमारियों को लेकर लोगों के बीच सही जानकारी पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस दिशा में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, यह सराहनीय प्रयास है।
हरपाल ढांडा ने कहा कि बीमारी से बचाव के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। विशेष रूप से युवाओं को ऐसी बीमारियों के कारणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवा स्वस्थ एवं जागरूक रहेंगे तो समाज भी मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत आज लगातार आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में देश ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है। कोरोना महामारी के दौरान भारत में विकसित की गई दवाओं और स्वास्थ्य संबंधी प्रयासों से अनेक देशों को लाभ मिला।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव रख सकते हैं। उन्होंने इस अवसर पर सिविल अस्पताल में लगाए गए रक्तदान शिविर में लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे से पूरी तरह दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एचआईवी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करना भी जरूरी है। एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति भेदभाव नहीं, बल्कि सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग का व्यवहार किया जाना चाहिए।
सीएमओ विजय मलिक ने कहा कि जागरूकता रैली का उद्देश्य केवल संदेश देना नहीं, बल्कि लोगों को अपनी और अपने परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संस्थाओं और पूरे समाज को मिलकर प्रयास करना होगा।
डॉक्टर लाभ सिंह ने कहा कि इंजेक्शन के माध्यम से किए जाने वाले नशे में असुरक्षित तरीके से सुई या इंजेक्शन साझा करना एचआईवी संक्रमण के जोखिम को बढ़ा सकता है। उन्होंने टीबी के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए कहा कि लगातार खांसी, बुखार, रात को पसीना आना या वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए। टीबी का समय पर पता लगने और निर्धारित उपचार पूरा करने से बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
रेडक्रॉस सोसायटी की प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश ने कहा कि युवाओं में जागरूकता फैलाने के लिए बाइक रैली जैसे कार्यक्रम बेहद प्रभावी माध्यम हैं। जब युवा स्वयं जागरूकता का संदेश लेकर सडक़ों पर उतरते हैं तो उसका प्रभाव समाज के अन्य वर्गों पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स, टीबी और एसटीआई जैसी बीमारियों के संबंध में सही जानकारी को लेकर समाज में लगातार संवाद की आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं स्वस्थ रहें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने तथा सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बाइक रैली में शामिल सभी युवाओं और संस्थाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि बाइक रैली में विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों, रेड रिबन क्लबों के सदस्यों तथा सामाजिक संस्थाओं से जुड़े युवाओं ने भाग लिया। युवाओं के हाथों में एचआईवी/एड्स, टीबी एवं एसटीआई से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और नशे से दूर रहने संबंधी संदेशों वाली तख्तियां एवं बैनर थे। रैली के दौरान युवाओं ने उत्साहपूर्वक नारे लगाते हुए आमजन को जागरूक किया।
एसडीएम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज सेवा और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाजहित के कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. विजय मलिक, डॉ. लाभ सिंह, डॉ. केतन भारद्वाज, डॉ. मनीष पासी, डॉ. अमित, डॉ. रजत, रेडक्रॉस सोसायटी प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश, डॉ. गुरप्रीत, डॉ. पूजा, सुनील ग्रोवर, फार्मासिस्ट मोनू, विनोद सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments