ईडब्ल्यूएस आवास योजना के तहत लाभार्थियों का चयन. जिला प्रशासन ने बताया पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष.
जिला सचिवालय में ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का पारदर्शी ड्रा सम्पन्न
45 लाभार्थियों को मिला आवास का तोहफा
ड्रॉ में विधवा व एससी श्रेणी के 45 परिवारों को मिला ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटन
BOL PANIPAT , 13 अप्रैल। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के फ्लैटों के आवंटन हेतु ड्रॉ ऑफ लॉट्स का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के आवेदकों की उपस्थिति रही तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि ईडब्ल्यूएस आवास योजना सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण सामाजिक कल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। इस प्रकार के पारदर्शी ड्रॉ से यह सुनिश्चित होता है कि वास्तविक पात्र परिवारों तक ही योजना का लाभ पहुंचे। प्रशासन की प्राथमिकता है कि पूरी प्रक्रिया में शत-प्रतिशत ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस पूरी योजना की सतत मॉनिटरिंग कर रहा है और भविष्य में भी इसी प्रकार निष्पक्ष एवं पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया जारी रहेगी, ताकि आमजन का सरकारी योजनाओं पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
एडीसी अंकित चौकसे ने जानकारी देते हुए बताया कि ड्रॉ के परिणामों में विधवा श्रेणी के 15 लाभार्थियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का आवंटन किया गया। चयनित लाभार्थियों में धर्मेंद्र, सोनू, गीता देवी, बबीता, कंचन, कांता इश्रत, शोभा, संगीता, संतोष, जगमा, पूनम, सुमन तथा प्रेमलता सहित अन्य नाम शामिल रहे। चयन की घोषणा के बाद लाभार्थियों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इसके अलावा अनुसूचित जाति श्रेणी के 30 लाभार्थियों को भी फ्लैट आवंटित किए गए। इस सूची में रजनी देवी, ज्योति, अरुण कुमार, मंजीत, सोनिया, वीरेंद्र कुमार, अनवारी, इटावरी लाल, रीना, मोहम्मद बिलाल, भुवालराम, परवेश, नीलम, सोनी देवी, मीनाक्षी मलिक, सीमा रानी, अंशिका भारती, पूजा, संझिया देवी, मीना, मंजू पुनिया, पिंकी, शिप्रा, कृष्णा, बलराम, सहदूर, सलाउद्दीन, देवी लाल तथा पूजा देवी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
वहीं अनुसूचित जाति श्रेणी के 11 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) में रखा गया है। इस सूची में सोनू देवी, निर्मला, लेखराज, सुनीता, सुनीता (द्वितीय), रघुनाथ सिंह, वर्षा, नीलम, मुन्ने, उर्मिला तथा नीलेमा के नाम शामिल हैं। उन्होंने पूरी ड्रॉ प्रक्रिया की निगरानी करते हुए योजना के क्रियान्वयन पर विस्तृत फोकस किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से मजबूत रहनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र लाभार्थी के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो।

Comments