Wednesday, August 5, 2026
Newspaper and Magzine


चचेरे भाइयों की कहासुनी में बीच बचाव करने वाले भाई की गोली लगने से मौत

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at April 8, 2022 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : पानीपत जिले के गांव पसीना खुर्द में  दो चचेरे भाइयों की कहासुनी व  विवाद को सुलझाने पहुंचे तीसरे चचेरे भाई को परिवार के कई सदस्यों ने मिलकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के दौरान 3 लोगों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और उसकी हत्या कर दी।बताया जा रहा है कि वारदात में महिलाएं भी शामिल थीं।
हत्या करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। भाई ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने 5 महिलाओं समेत 13 के खिलाफ आईपीसी की धारा 148,149, 323, 307, 302 व 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक दो बच्चों का पिता था।

सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी शिकायत में रोशन ने बताया कि वह पसीना खुर्द का रहने वाला है। वह पेशे से किसान है। गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपने छोटे भाई संदीप (28) के साथ अपने शिमला गुजरान वाले खेत में पानी देने के लिए जा रहा था। रास्ते में जब वे टीलू के मकान के सामने पहुंचे तो वहां उनका सगे चाचा रकम सिंह का लड़का सोनू ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लिए हुए घर की ओर आ रहा था। दूसरे चाचा ब्रहमपाल का लड़का रीतिक ट्रैक्टर लेकर खेतों की तरफ जा रहा था। जब रोशन व संदीप उनके पास पहुंचे तो वहां सोनू व रितिक की आपस में कहासुनी होती देखी। रोशन व संदीप वहीं साइड में खड़े हो गए। इसी बीच रितिक ने अपने पिता ब्रहमपाल को फोन किया। फोन करने के कुछ ही देर बाद ब्रहमपाल, महिपाल, ओमपाल पुत्रा हुकम सिंह व नरेश, प्रदीप, प्रवीन पुत्रा रघवीर और सचिन पुत्र महिपाल, नीता पत्नी नरेश, उषा पत्नी ब्रहमपाल, सरोज पत्नी महिपाल, पिंकी पत्नी ओमपाल व प्रदीप की पत्नी मौके पर आ गए। सभी हथियारों से लैस थे।
वहां आते ही ब्रहमपाल ने उसकी लाइसेंसी पिस्तौल से झगड़े का बीच-बचाव कर रहे रोशन के भाई संदीप को छाती में गोली मारी। इसके बाद सचिन पुत्र महिपाल ने देसी पिस्तौल से रोशन के ऊपर जान से मारने की नीयत से फायर किया। गनीमत रही कि रोशन बाल-बाल बच गया। इसके बाद ओमपाल पुत्र हुकमसिंह ने अपने लाइसेंसी डोगा से संदीप को गोली मारी। प्रदीप व उसका भाई प्रवीन दोनों ही देसी पिस्तौल लिए हुए थे।
उन दोनों भाइयों ने भी रोशन और संदीप पर फायर किए। रोशन ने बताया कि बाकी सभी आदमी व औरतें अपने हाथों मे गंडासियां, तलवारें व कटर लिए हुए थे। इस वारदात के दौरान रोशन के परिवार से रकम सिंह पुत्र भागू , सोनू व सतबीर पुत्र रकम सिंह, रकम सिंह, सोनू, सतबीर घायल हो गए। संदीप की हत्या ब्रहमपाल, रितिक और ओमपाल ने की है।

Comments