समालखा के भापरा स्टेडियम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रात: 9 बजे करेंगे ध्वजारोहण।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद,करीब 5 हजार आमजन और स्कूली बच्चों के बैठने की व्यवस्था।
BOL PANIPAT , 14 अगस्त। सोमवार को समालखा में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़ी ही उमंग और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ध्वजारोहण कर प्रदेश वासियों के नाम अपना संबोधन देंगे। उनके आने को लेकर समालखा के लोगों में जबरदस्त उत्साह है।
डीसी सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समारोह में मुख्यमंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे और कार्यक्रम में शानदार मार्च पास्ट भी होगा। कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस की ओर से विशेष घुड़सवारी दस्ता, श्वान दस्ता और जांबाज कमांडो द्वारा हैरतंगेज करतब भी दिखाए जाएंगे। अबकी बार मार्च पास्ट में नागरिकों को अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो दस्ता भी देखने को मिलेगा जिसे पहली बार मार्च पास्ट की टुकड़ी में शामिल किया गया है।
स्वतंत्रता दिवस के इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे जिनमें दयाल सिंह पब्लिक स्कूल का डांस ऑफ आल स्टेट, गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोडवाल माजरी का समूह हरियाणवी नृत्य, महराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल समालखा का आर्टिकल 370, एसडीवीएम स्कूल पानीपत का राजस्थानी नृत्य, गीता विद्या मन्दिर सनौली रोड पानीपत का एक्शन सांग, बाल विकास पब्लिक स्कूल मॉडल टाउन, पानीपत का आर्मी सांग, गुरु रामदास पब्लिक स्कूल मॉडल टाउन पानीपत का भंगड़ा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मडलौडा के हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम में कमांडो मोटर बाइक डेयरडेविल शो (हरियाणा पुलिस) भी दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों और समाजसेवी संस्थाओं को भी सम्मानित करेंगे।

Comments