बाढ़ राहत कार्यों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा
BOL PANIPAT, 24 जून। प्रदेश के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने विडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बाढ़ राहत कार्यों को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। पानीपत जिला में बाढ़ राहत को लेकर किए जा रहे कार्यों के बारे में डीसी सुशील सारवान ने मुख्य सचिव को जानकारी दी।
डी.सी. ने मुख्य सचिव को बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिला के सभी ब्लॉकों में अमृत सरोवर योजना के तहत बी. डी. पी. ओ. के माध्यम से तालाब चिन्हित किए गए हैं, जिनकों साफ करने का कार्य अंतिम चरण में है। तालाबों से पानी के साथ साथ मिट्टी को भी निकाला जा रहा है। ताकि तालाब की पुरानी मिट्टी निकलने से पानी का रिचार्ज भी हो सके। कई सालों से लगातार पानी भरने के कारण तालाबों में चिकनी मिट्टी की परत जम गई है और इस मिट्टी के कारण भूमिगत रिचार्ज के छिद्र बंद हो गए हैं। इसलिए तालाबों में जमी मिट्टी की परत को हटाना जरूरी है।

जिला में बाढ़ राहत कंट्रोल रूम की स्थापन कर दी गई है। जिला में एमसी और ब्लॉक स्तर पर पोर्टेबल पंप सैट की व्यवस्था की जा रही है। इस अवसर पर एसडीएम वीरेंद्र ढुल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेश सैनी, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता राजेश कौशिक तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments