Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


देवदर्शन योजना में चमकाएंगे चुलकाना धाम: डॉ अरविंद शर्मा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 23, 2025 Tags: , , , , ,

-श्याम भक्तों द्वारा निकाली भव्य निशान यात्रा में भजन सम्राट कन्हैया मित्तल के साथ शामिल हुए कैबिनेट मंत्री

-सनातन धर्म एवं राष्ट्रीय एकता का भाव होगा मजबूत

BOL PANIPAT , समालखा, 23 नवम्बर। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार चुलकाना धाम को देव दर्शन योजना के तहत चमकाएगी। उन्होंने कहा कि भजन सम्राट कन्हैया मित्तल और श्याम भक्तों द्वारा पानीपत से चुलकाना श्री श्याम भव्य निशान यात्रा न केवल सनातन धर्म को मजबूत करेगी, अपितु राष्ट्रीय एकता की भावना को भी सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आस्था के बड़े केन्द्र चुलकाना धाम पर आने वाले भक्तों को बेहतर सड़कें और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

रविवार को श्री नवयुवक खाटूश्याम मित्र मंडल के सौजन्य एवं भजन सम्राट कन्हैया मित्तल के नेतृत्व में पानीपत से चुलकाना धाम तक आयोजित श्री श्याम भव्य निशान यात्रा में सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा शामिल हुए। पदयात्रा में खाटू नरेश की जय, हारे के सहारे की जय, तीन बाणधारी की जय, शीश के दानी की जय के जयकारों के बीच सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने श्याम भक्तों को संबोधित किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि बाबा श्याम के चरणों मे चुलकाना धाम निरन्तर आने का उन्हें भी सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के केंद्र चुलकाना धाम को देव दर्शन योजना के तहत विकसित करते हुए बेहतरीन सड़कें व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम का आदेश है, श्रद्धालुओं के लिए हम सब मिलकर चुलकाना धाम को चमकाएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व प्रदेश में समान भाव से विकास किया जा रहा है। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भजन सम्राट कन्हैया मित्तल की भव्य निशान यात्रा की पदयात्रा के लिए सराहना करते हुए कहा कि उनके विचार सनातन धर्म को मजबूत बनाने और आमजन को राष्ट्रीय एकता के भाव के साथ जोड़ने के हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा श्रद्धालुओं के साथ-साथ आमजन में जागरूकता लाएगी और लोगों में जोश एवं उत्साह भरने का काम करेगी। इस पदयात्रा में समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना भी शामिल हुए।

Comments