सुप्रीम कोर्ट का निर्णय ऐतिहासिक–मनोहर लाल
हरियाणा शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के लिए पहले कमीशन/अथॉरिटी बनाई जाएगी–मुख्यमंत्री मनोहर लाल।उसके बाद हरियाणा शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का चुनाव करवाया जाएगा.मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को गुरुद्वारा पहली पातशाही और इसराना साहिब गुरद्वारे में माथा टेका, लिया आशीर्वाद. प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को सरोपा व तलवार की भेंट।
BOL PANIPAT : 25 सितम्बर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा के लिये अलग सिख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर हरियाणा के सिख समुदाय के लोगों को बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इसके लिए कमीशन या अथॉरिटी बनाई जाएगी और उसके बाद हरियाणा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का चुनाव कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लिये अलग गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी का मामला लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन था। उन्होंने कहा कि इस निर्णय के बाद अब हरियाणा के सभी 52 गुरूद्वारा साहिब हरियाणा शिरोमणी गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी की देखरेख में समाज सेवा का कार्य करेंगे।
उन्होंने उपस्थित साध संगत से अपील की कि मिलकर सभी गुरुद्वारों में जो कमेटी बनाई जाएगी उसका उद्देश्य समाज सेवा करना ही होना चाहिए। सब बिना किसी भेदभाव के सामाजिक सेवा में अग्रसर रहें। उन्होंने कहा कि मेरे लिए ये सौभाग्य की बात है कि मुझे पानीपत के पहली पातशाही और इसराना गुरुद्वारा साहिब में आशीर्वाद लेने का मौका मिला है।

करनाल लोक सभा सांसद संजय भाटिया ने सभी साध संगत की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पहली पातशाही गुरुद्वारा में मुख्यमंत्री महोदय पहले भी आए हैं।
उन्होंने कहा कि पानीपत की साध संगत ने कोरोना महामारी में भी जी जान से लोगों की सेवा की है। जिला प्रशासन के साथ सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़चढ़ कर काम किया है। साध संगत की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल,लोकसभा सांसद संजय भाटिया,राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार,विधायक महिपाल ढांडा,विधायक प्रमोद विज को शिरोपा भेंट किया गया। इस अवसर पर डीसी सुशील सारवान,एसपी शशांक कुमार सावन,भाजपा जिला अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता,सरदार जगदीश सिंह झिंडा, सरदार लखविंदर सिंह, सरदार गुरुचरण सिंह, सरदार हरविंदर सिंह लाडी,सरदार बलविंदर सिंह वड़ैच, सरदार सुखवीर सिंह,सरदार सुखदेव सिंह, सरदार मंजीत सिंह, इसराना साहिब गुरुद्वारा से बाबा दलविंदर सिंह खालसा, सुखप्रीत सिंह, अमनप्रीत सिंह हरप्रीत सिंह नरूला इत्यादि साध संगत उपस्थित रही।

Comments