स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से चुनाव संपन्न करवाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता व नैतिक जिम्मेदारी: एसपी
-पुलिस व अर्ध सैनिक बल के जवानों ने जिला के विभिन्न थाना क्षेत्र में निकाला फ्लैग मार्च
BOL PANIPAT : 29 अगस्त 2024, विधानसभा आम चुनाव को लेकर पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में जिला पुलिस व अर्धसैनिक बल के अधिकारियों व जवानों ने वीरवार को संयुक्त रूप से डीएसपी सुरेश कुमार सैनी व डीएसपी राजबीर सिंह की अगुवाई में थाना शहर, थाना किला, थाना तहसील कैंप, थाना चांदनी बाग, थाना औद्योगिक सेक्टर 29, थाना माडल टाउन व थाना सदर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च निकालते हुए पुलिस व अर्ध सैनिक बल के अधिकारियों व जवानों ने आमजन को निष्पक्ष व भयमुक्त माहौल में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने का विश्वास दिलाया तथा शांतिपूर्वक मतदान करवाने में सहयोग करने की अपील की। मतदाताओं को आगामी 1 अक्तूबर को होने वाले मतदान में बिना किसी डर व भय के निर्भिक रूप से मतदान करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस व अर्ध सैनिक बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला। इसी क्रम में समालखा व मतलौडा में भी फलैग मार्च निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से चुनाव संपन्न करवाना पुलिस प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता व नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा फ्लैग मार्च के दौरान लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया है, ताकि मतदाता पूरी तरह निर्भीक होकर मतदान कर सकें ।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि जिला में जहां भी वल्नरेबल व क्रिटिकल मतदान केन्द्र हैं, या क्षेत्र हैं, पुलिस द्वारा वहां पर पूरी निगरानी रखी जा रही है, और समय रहते सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 1 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा आम चुनाव को लेकर जिला पुलिस द्वारा जिला के अंदर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। इसी क्रम में जिला के साथ लगती यूपी की सीमा पर भी कड़ी सावधानी व सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि नाकों से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन तथा व्यक्ति को बारीकी से चेक किया जा रहा है। संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक महोदय ने बताया कि फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से कहा गया है कि अगर मतदान के दौरान उन्हें कोई भी व्यक्ति प्रभावित करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके साथ अन्य गैर कानूनी कार्य करने वालों के बारे में भी पुलिस को निसंकोच होकर सूचना दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकें।

Comments