अवैध रूप से शराब बेच रहे अलग अलग स्थान से तीन युवक गिरफ्तार. 28 बोतल अवैध देसी व अंग्रेजी शराब बरामद.
BOL PANIPAT : 03 सितम्बर 2025, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी व खुर्दों पर अंकुश लगा आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत मंगलवार को थाना शहर, थाना तहसील कैंप व समालखा चौकी पुलिस टीम ने अलग अलग स्थान पर दबिस देकर अवैध रूप से शराब बेच रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 28 बोतल देसी व अंग्रेजी अवैध शराब बरामद हुई है।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि मंगलवार को थाना शहर पुलिस की एक टीम गश्त के दौरान संजय चौक के पास मौजूद थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली की जाटल रोड पुल के नीचे एक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेच रहे युवक को काबू किया। आरोपी के पास प्लास्टिक कट्टे से 9 बोतल देसी अवैध शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रहीमुद्दीन पुत्र कुर्बान निवासी अतखुरिया उतर दिनाजपुर वेस्ट बंगाल हाल किरायेदार शास्त्री कॉलोनी के रूप में बताई।
इसी प्रकार थाना तहसील कैंप पुलिस टीम ने दिनानाथ कॉलोनी में वर्मा चौक वाली गली में अवैध रूप से शराब बेच रहे न्यू भगत नगर तहसील कैंप निवासी गुरविंद्र को काबू किया। मौके पर आरोपी के पास से 8 बोतल देसी अवैध शराब बरामद हुई।
उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि इसी प्रकार समालखा चौकी पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर चुलकाना फ्लाई ओवर के नीचे अवैध रूप से शराब बेच रहे समालखा की राजस्थान कॉलोनी निवासी रदीश को गिरफ्तार किया। मौके पर आरोपी के पास से 11 बोतल अंग्रेजी अवैध शराब बरामद हुई।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाना में एक्साइज एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।

Comments