उपायुक्त की पहल से बार एसोसिएशन और जिला प्रशासन के बीच बनी सहमति
-वकीलों ने वर्क सस्पैंड का निर्णय लिया वापस, सामान्य रूप से शुरू किया कार्य
BOL PANIPAT , 1 अक्तूबर। बीपीएल कार्ड से संबंधित एक मामले को लेकर एक महिला अधिवक्ता द्वारा अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे के व्यवहार को लेकर आपत्ति जताई गई थी। इस विषय को लेकर पानीपत बार एसोसिएशन ने वर्क संस्पैड का निर्णय लिया था। इसी क्रम में आज वीरवार को अधिवक्ताओं द्वारा जिला सचिवालय में धरना भी दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्वयं पहल करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे के साथ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से बातचीत की। उपायुक्त ने अधिवक्ताओं की बात को गंभीरता से सुना और मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान प्रशासन की ओर से मामले में अपनाई गई प्रक्रिया एवं संबंधित नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन और अधिवक्ता समाज के बीच बेहतर समन्वय तथा आपसी संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी विषय को बातचीत के माध्यम से सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हल किया जा सकता है।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई और आपसी सहमति से मामले का समाधान निकाल लिया गया। इसके बाद बार एसोसिएशन ने अपना वर्क सस्पैंड का निर्णय लिया वापस।
बार एसोसिएशन के निर्णय वापस लेने के बाद अधिवक्ता अपने कार्य पर लौट आए और न्यायालयों एवं संबंधित कार्यालयों में कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो गया।

Comments