हर गांव की गली तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता–कृष्ण लाल पंवार
कवी गांव को विकास की सौगात : मंत्री ने टैंकर व लोहे के बैंच किए समर्पित
कवी में 9 करोड़ के विकास कार्यों का दावा, मंत्री बोले- ग्रामीण सुविधाओं में नहीं रहेगी कोई कमी
महिलाओं के सशक्तिकरण से लेकर ग्रामीण विकास तक, सरकार चला रही जनहित की योजनाएं : पंवार
BOL PANIPAT , 30 मई। हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शनिवार को जिले के गांव कवी में जिला परिषद के तत्वावधान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में ग्रामीणों को विकास की नई सौगात दी। उन्होंने गांव के लिए उपलब्ध कराए गए पानी के टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा लोहे के बैंच ग्रामीणों को समर्पित किए।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय में अकेले कवी गांव में लगभग 9 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। इनमें गलियों, सड़कों, पावर हाउस और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि हर परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। गांव - गली, गरीब, किसान, महिला और युवा हमारी नीतियों के केंद्र में हैं। हर गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी और किसी भी गांव को सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 60 हजार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार प्रत्येक जिले में साझा बाजार स्थापित कर रही है, जिससे उन्हें अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर मंच मिल सके। पानीपत जिले में भी इसकी शुरुआत हो चुकी है।
मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में लगभग 19 हजार तालाबों का सर्वे कराया गया है और उनके जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में फिरनियों और कच्चे रास्तों को पक्का किया जा रहा है, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिल सकें।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिरनीओ पर लाइट की व्यवस्था की गई है। प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत चौपालों का नवीनीकरण किया जा चुका है। जिन ग्राम पंचायतों द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, वहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएंगी। इन पुस्तकालयों में पुस्तकों की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। इन्हें पूरी तरह वातानुकूलित किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न गांवों में महिलाओं के लिए सांस्कृतिक केंद्र भी विकसित किए जा रहे हैं, जहां संगीत सहित विभिन्न गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गांवों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर भी तेजी से सरकारी द्वारा कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें राजनीतिक भागीदारी में अधिक अवसर दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि जिला परिषद के माध्यम से जिला के हर गांव में लगभग 2 हजार लोहे के बैंच वितरित किए जायेंगे तथा इसी कड़ी में 100 पानी के टैंकर विभिन्न ग्राम पंचायतों में उपलब्ध कराए जायेंगे, जिनमें से आज जिला परिषद के वार्ड नंबर एक, दो, तीन व चार के लिए 22 टैंकर वितरित किए गए । उन्होंने सलम एरिया में इनका इस्तमाल करने के लिए कहा।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने गांव की विभिन्न मांगें मंत्री के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का पगड़ी पहना कर बुके और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन व बड़ी संख्या में ग्रामीण,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Comments