बाइक चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की 3 बाइक बरामद
सीआईए थ्री पुलिस टीम की कार्रवाई, नाकाबंदी के दौरान काबू किया
BOL PANIPAT , 30 सितंबर। सीआईए थ्री पुलिस टीम ने बाइक चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर बाइक चोर को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन पुत्र रामनारायण निवासी झुग्गी-झोपड़ी पुराना औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे व उसकी निशानदेही पर चोरी की 3 बाइक बरामद की हैं।
सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि मंगलवार शाम उनकी टीम जीटी रोड सेक्टर-25 मोड़ पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक सेक्टर-25 की ओर से एचएफ डिलक्स बाइक पर आता दिखाई दिया। युवक पुलिस टीम को देखकर एकदम से बाइक वापस मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए युवक को मौके पर ही काबू कर लिया।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान गुलशन पुत्र रामनारायण निवासी झुग्गी-झोपड़ी पुराना औद्योगिक क्षेत्र के रूप में बताई। बाइक के कागजात दिखाने के लिए कहा गया तो आरोपी बहानेबाजी करने लगा। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने उक्त बाइक 4 सितंबर को माटा चौक के पास गंगा टेंट हाउस के सामने गली से चोरी करना स्वीकार किया। बाइक चोरी की इस वारदात के संबंध में थाना किला में रामभूल पुत्र ईश्वर निवासी कुटानी की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी से बाइक चोरी की दो अन्य वारदातों का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दो स्प्लेंडर बाइक सेक्टर-25 में झाड़ियों से बरामद कर कब्जे में ली।
शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए करता था बाइक चोरी;
पूछताछ में आरोपी से खुलासा उसने शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी बाइक चोरी करने के बाद उसे सेक्टर-25 में झाड़ियों में छुपाकर खड़ा कर देता था।
पुलिस जांच में सामने आया आरोपी गुलशन के खिलाफ पहले भी चोरी की वारदातों के 4 मामले दर्ज हैं। आरोपी बीते जून माह में जेल से बेल पर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने दौबारा से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। आरोपी ने बीते दो माह में एकाएक कर तीन बाइक चोरी की वारदातों को अंजान दिया।
गिरफ्तार आरोपी गुलशन के कब्जे से चोरी की 3 बाइक बरामद कर पुलिस ने बुधवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
बाइक चोरी की निम्न वारदातों का खुलासा हुआ;
करीब 2 महीने पहले रिसालू गांव के पास से एक स्प्लेंडर बाइक चोरी की।
4 सितंबर को माटा चौक के पास गंगा टेंट हाउस के सामने गली से रामभूल पुत्र ईश्वर निवासी कुटानी की एचएफ डिलक्स बाइक चोरी की। थाना किला में रामभूल की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
18 सितंबर को जीटी रोड टोल प्लाजा के पास गाड़ियों के शोरूम के बाहर से भूपेंद्र पुत्र नरेंद्र निवासी गांधी कॉलोनी की स्प्लेंडर बाइक चोरी की। थाना सेक्टर-13/17 में भूपेंद्र की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।

Comments