साइबर ठगों ने एक ही दिन में पानीपत के तीन लोगों को लगाया लाखों रूपये का फटका
BOL PANIPAT : पानीपत जिले के तीन लोगों से साइबर ठगों ने 1 लाख 17 हजार 673 रुपए का चूना लगा दिया। दो लोगों को साइबर ठगों ने बैंककर्मी बनकर चूना लगाया। तीसरे युवक से बिना किसी तरह की जानकारी लिए ही उसका खाता खाली करवा दिया गया। तीनों मामलों की शिकायत पीड़ितों ने पुलिस को दी। तीनों शिकायतों के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली शिकायत बापोली थाना क्षेत्र की है. बापौली थाना पुलिस को दी शिकायत में गोरधन निवासी बहरामपुर ने बताया कि 6 जनवरी 2022 की सुबह 11 बजे उसके मोबाइल फोन पर एसबीआई बैंक की तरफ से एक एसएमएस आया, जिसमें उसके खाते से 3 बार क्रमश: 19860, 20601, 4000 रुपए की ट्रांजेक्शन हुई है। गोरधन का कहना है कि उसके पास न ही कोई कॉल आई। न उसने किसी लिंक पर क्लिक किया। न किसी से खाता संबंधित कोई जानकारी शेयर की और न ही कोई ओटीपी शेयर किया। फिर भी उसके खाते से नकदी की निकासी हो गई.
दूसरी शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी गयी है जिसमें गुरमीत सिंह ने बताया कि वह मॉडल टाउन का रहने वाला है। वह जाटल रोड पर कोटा स्टोन पत्थर का काम करता है।करीब 7 माह पहले उसने टाटा कैपिटल मे 10 लाख लोन के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया था, जो फाइल रिजेक्ट हो गई थी। 26 फरवरी दोपहर 12:53 बजे उसके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद का नाम आरती बताया। साथ ही बताया कि वह टाटा कैपिटल से बात कर रही है। उसने कहा कि उसकी लोन फाइल उसके पास आ गई है। लोन की आगामी प्रक्रिया के लिए उसके दूसरे नंबर पर आईडी प्रूफ और बैंक से संबंधित स्टेटमेंट, फोटो व्हाट्सऐप करने को कहा। कुछ देर बाद अलग-अलग नंबरों से कॉल आई, जिन्होंने लोन पास हो जाने के बारे में कहा। इसके बाद उन सभी ने प्रोसेसिंग फीस 7192 रुपए, इंश्योरेंस चार्ज 19332 रुपए व जीएसटी चार्ज 21786 रुपए विभिन्न खातों में डलवा लिए। उक्त राशि लेने के बाद ठगों ने उससे बॉन्ड पेमेंट के नाम पर 15000 रुपए और जमा करवाने के लिए कहा। मगर अब उसे खुद के साथ ठगी होने का अहसास हुआ तो उसने और रुपए नहीं डलवाए। इसके बाद ठगों ने भी उसकी कॉल रिसीव करनी बंद कर दी।
वहीँ तीसरी शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी गयी . शिकायत में राजपाल ने बताया कि वह भगत नगर तहसील कैंप पानीपत का रहने वाला है। वह बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित एक निजी होटल में काम करता है। 3 मार्च को उसने अपने क्रेडिट कार्ड का बैलेंस पता करने के लिए उसने कस्टमर केयर में कॉल की थी। काल डिस्कनेक्ट होते ही उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उसकी मदद करने के बहाने बात करनी शुरू की। बातचीत के दौरान उसने ओटीपी पूछ लिया। ओटीपी बताने के कुछ ही देर बाद उसके खाते से 24902 रुपए डेबिट हो गए। इसके बाद पीड़ित ने फिर से उस कथित बैंककर्मी को फोन किया तो तब से उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा था।

Comments