डीसी सुशील सारवान ने विभागों के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों सहित जिला के हर नागरिक से की अपील.
परिवार सहित प्रकाश उत्सव में पधारने का दिया निमंत्रण
BOL PANIPAT , 22 अप्रैल। डीसी सुशील सारवान ने रविवार को आयोजित होने वाले गुरु श्री तेग बहादुर जी के प्रकाश उत्सव के दृष्टिगत शुक्रवार को लघु सचिवालय में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी को इस कार्यक्रम में सहपरिवार पधारने का निमंत्रण दिया और कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर जिला के नागरिकों में भारी उत्साह है। इसलिए हम सबका यह नैतिक दायित्व है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी परिवार सहित इस कार्यक्रम में पधारें।
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन का हर अधिकारी और कर्मचारी जी जान से जुटा पड़ा है और सभी टीमवर्क के रूप में बेहतर कार्य कर रहे हैं। भारत का इतिहास कुर्बानियों से भरा पड़ा है। अनेक महापुरुषों और संतों ने धर्म और देश की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानियां दी है।
डीसी सुशील सारवान ने कहा कि समारोह में भाग लेने वाले लोगों की जिला प्रशासन हर सम्भव सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने सभी से अपील की कि कार्यक्रम के बारे में अपने आस पड़ोस और जानकार लोगों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करवाएं। गुरु श्री तेग बहादुर जी ने भी धर्म की रक्षा करते हुए अपनी कुर्बानी दी। इसलिए हमें आने वाली पीढी को ऐसे कार्यक्रमों को जरूर दिखाना चाहिए। अपने बच्चों को कार्यक्रम में लगाई गई प्रदर्शनी भी दिखाएं ताकि उन्हें हमारे इतिहास और महापुरुषों के बारे में जानने का अवसर प्राप्त हो। इस मौके पर इसराना साहिब गुरुद्वारा से बाबा दलविन्द्र सिंह, एडीसी वीना हुड्डा, एसडीएम विरेन्द्र ढूल, सीटीएम राजेश सोनी सहित भारी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Comments