वार्ड नंबर 12 में विकास कार्यों को मिली नई गति, इंटरलॉकिंग टाइल गलियों के निर्माण कार्य का हुआ शुभारंभ
BOL PANIPAT , 19 अप्रैल। क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हुए शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा के बड़े भाई एवं समाजसेवी हरपाल ढांडा ने वार्ड नंबर 12 स्थित बबैल रोड, शिव नगर में इंटरलॉकिंग टाइलों से गलियों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया और लंबे समय से लंबित इस कार्य के शुरू होने पर खुशी जाहिर की।
शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य रूप से मेयर कोमल सैनी, स्थानीय पार्षद अश्वनी संधू, पार्षद बिट्टू प्रजापत, कृष्ण आर्य, सुरेश कादियान, मंडल अध्यक्ष सुमित, जसमेर फोर, सुरेंद्र मलिक, पवन जांगड़ा, पृथ्वी पंच सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस मौके पर समाजसेवी हरपाल ढांडा ने कहा कि जनसेवा ही भाजपा सरकार का मुख्य उद्देश्य है और क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें और साफ-सुथरी गलियां किसी भी क्षेत्र के विकास की पहचान होती हैं। इंटरलॉकिंग टाइलों के निर्माण से न केवल गलियों की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि जलभराव, कीचड़ और आवागमन की समस्याओं से भी लोगों को राहत मिलेगी।
मेयर कोमल सैनी ने कहा कि नगर निगम लगातार शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति दे रहा है। जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली, सफाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 12 में यह कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
स्थानीय पार्षदों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के प्रति जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखाई दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी वार्ड के अन्य विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने कहा कि लंबे समय से गलियों के निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवी हरपाल ढांडा का आभार व्यक्त किया।

Comments