युवा मोर्चा पानीपत ने राहुल गांधी का पुतला फूंका.
BOL PANIPAT : दिल्ली में आयोजित AI Summit के दौरान विदेशी मेहमानों के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में आज युवा मोर्चा पानीपत ने अध्यक्ष अमित पंडित के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया तथा राहुल गांधी का पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी प्रगति, डिजिटल क्रांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में बढ़ती शक्ति को सराह रहा है, उस समय देश के भीतर की राजनीतिक विरोध भावना को विदेशी मंच पर प्रदर्शित करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस अवसर पर युवा नेता राहुल विज ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास विरोध की राजनीति से भरा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा पार्टी हित को देशहित से ऊपर रखा है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत की छवि को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश की गरिमा को ठेस पहुँचाना राष्ट्रहित के विरुद्ध है।
अमित पंडित ने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और तकनीकी नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में इस प्रकार का प्रदर्शन देश की प्रगति को बाधित करने वाला कदम है। युवा मोर्चा देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने देशहित में एकजुट रहने और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का संकल्प लिया।
अंत में युवा मोर्चा पानीपत ने स्पष्ट किया कि राष्ट्र सर्वोपरि है और भारत की प्रतिष्ठा से कोई भी समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Comments