Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में इंस्पेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस ट्रैफिक एंड हाइवेज हरियाणा की पहल पर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 8, 2023 Tags: , , , ,

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में एसडी पीजी कॉलेज पानीपत, लिटिल एंजेल प्रोग्रेसिव स्कूल बाँध, बीवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल मतलौडा और राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल निजामपुर ने जीत दर्ज कर जिला रेंज प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

जल्द सम्पूर्ण पानीपत का ट्रैफिक सीसीटीवी की निगरानी में होगा: वीरेंद्र सिंह दहिया, उपायुक्त पानीपत   

BOL PANIPAT , 08 नवम्बर ,

एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में इंस्पेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस ट्रैफिक एंड हाइवेज हरियाणा की पहल पर, सुपरिन्टेन्डेन्ट ऑफ़ पुलिस पानीपत के सौजन्य से और कॉलेज एनएसएस यूनिट्स की देख-रेख में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका उदघाटन एवं पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह दहिया उपायुक्त  पानीपत और अतिविशिष्ट मेहमान अजीत सिंह शेखावत एसपी पानीपत ने किया । क्विज प्रतियोगिता में पानीपत, समालखा, मतलौडा, इसराना और बापौली ब्लाक के लेवल 1 से लेवल 4 की विजेता टीमों ने हिस्सा लिया । प्रतियोगिता में लेवल-1 में लिटिल एंजेल प्रोग्रेसिव स्कूल बाँध ने प्रथम, लेवल-2 में बीवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल मतलौडा, लेवल-3 में राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल निजामपुर और लेवल-4 में एसडी पीजी कॉलेज पानीपत ने जीत दर्ज कर रेंज स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया । प्रतियोगिता डीएसपी सुरेश सैनी के सानिध्य में आयोजित की गई । एसएचओ विकास चहल, रोहित कुमार रीडर डीएसपी, एसआई करमबीर यातायात समन्वयक, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग, डॉ दीपिका अरोड़ा मदान, डॉ पवन कुमार, आशीष गर्ग, प्रो विशाल गर्ग, प्रो हिमानी नारंग और प्रो मनोज कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सक्रीय हिस्सा लिया । मंच संचालन और क्विज मास्टर की भूमिका डॉ राकेश गर्ग और डॉ दीपिका अरोड़ा मदान ने निभाई । प्रतियोगिता में ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा पर आधारित प्रश्न पूछे गये और जिन टीमों के विद्यार्थियों ने सबसे अधिक सही जवाब दिए उन्हें विजेता घोषित किया गया । जूरी की भूमिका डॉ अमिता रानी, प्रियंका, डॉ कृष्ण देव शास्त्री, डॉ संतोष कुमारी, मुकेश चन्द्र, रिया मिगलानी और प्रियंका भुकर ने अदा की ।   

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेवल-1 (कक्षा 3 से 5) में लिटिल एंजेल प्रोग्रेसिव स्कूल बाँध ने प्रथम, बाल विकास स्कूल मॉडल टाउन पानीपत ने द्वितीय और जीपीएस जलपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया । लेवल-2 (कक्षा 6 से 8) में बीवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल मतलौडा ने प्रथम, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल समालखा ने द्वितीय और बाल विकास मॉडल टाउन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया । लेवल-3 (कक्षा 9 से 12) में राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल निजामपुर ने प्रथम, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल इसराना ने दूसरा और राजकीय आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोयला कलां ने तृतीय स्थान हासिल किया । लेवल-4 (कॉलेज लेवल) में एसडी पीजी कॉलेज पानीपत ने प्रथम, आर्य आदर्श गर्ल्स कॉलेज मतलौडा ने दूसरा और पाईट समालखा ने तृतीय स्थान हासिल किया । इनके अलावा राजकीय महाविधालय पानीपत एवं बापौली, जीएमपीएस भापरा, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल समालखा, गोयला खुर्द एवं पानीपत, राजकीय हाई स्कूल बलाना और शिव दीप विद्या मंदिर ददलाना की टीमों ने भी क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया ।                

विदित रहे कि क्विज प्रतियोगिता के इस अभियान की शुरुआत तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक शत्रुजीत कपूर आईपीएस की प्रेरणा से 2013 में शुरू हुई और आज यह अभियान रिकॉर्ड भागीदारी का अनूठा उदाहरण बन चुका है और इसे लिम्का बुक ऑफ़ रिकार्ड्स में भी स्थान मिला है । पुलिस विभाग के समस्त ऑफिसर और शिक्षा विभाग के सांझा प्रयासों से इस प्रतियोगिता के छठे आयोजन में रिकॉर्ड संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया है ।

वीरेंद्र सिंह दहिया उपायुक्त पानीपत ने कहा कि वे सड़क सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित और इसे सुचारू करने के लिए गंभीर है । प्रत्येक महीने वे ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर एसपी पानीपत और अन्य अधिकारियों के साथ नियमित मंत्रणा करते है । ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा लोगो को नियमों का पालन करवाने हेतू जल्द सम्पूर्ण पानीपत में सीसीटीवी लगवाये जायेंगे ताकि नियमों का पालन न करने वालो पर नज़र रखी जा सके । विदेशों में कम दुर्घटनाये होने का कारण वहां के लोगों का अनुशासनप्रिय होना है । इतनी मौते कोरोना से भी नहीं हुई जिससे लोग इतने भयभीत थे जितनी मौते हर रोज़ दुर्घटनाओं से हो जाती है । यह हम सभी के लिए शर्म और चिंता का विषय है । वक़्त आ गया है कि लोग अब सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर बने ।    

अजीत सिंह शेखावत एसपी पानीपत ने कहा कि ड्राइविंग की समझ के अभाव और यातायात नियमों की निरंतर अवहेलना ने हमारी सड़कों को बेहद असुरक्षित बना दिया है । यह कोई कम आश्चर्य की बात नहीं है कि मोटर वाहन चालकों, पैदल चलने वालों, साइकिल चालकों और यहाँ तक कि यातायात पुलिस कर्मियों को भी यातायात के नियमों की पर्याप्त जानकारी नहीं है । सुरक्षित ड्राइविंग की जानकारी के अभाव और यातायात के नियमों को भली-भाँती लागू न किये जाने के कारण आज सड़कों पर अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है । भारत में हर साल एक लाख चालीस हज़ार से अधिक व्यक्ति सड़क दुर्घटनाओं में मारे जाते है । केवल पिछले दशक में ही देश में सड़कों पर होने वाली मौतों कमें लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है । स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विश्व के कुल वाहनों में से केवल एक प्रतिशत वाहन भारत में है जबकि विश्व में होने वाली कुल सड़क दुर्घटनाओं में से 10 प्रतिशत हादसे भारत में होते है ।        

डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद करने का गुण हर युवा में होना चाहिए । वाहनों की बढती संख्या ने सड़क सुरक्षा जैसे मुद्दे को प्रासंगिक बना दिया है । अब सड़क पर चलने वाले हर इंसान की जान को बचाना और संजोना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए । यातायात संबन्धित ज्यादातर समस्याएँ युवाओं से जुड़ी है । ऐसे में हर युवा का दावित्व है कि वह आने वाली पीढ़ियों को निराश न करे और सड़क सुरक्षा को मन से अपनाए और सड़क सुरक्षा के नियमों को पढ़े और समझे । मस्ती और जोश में आकर वाहनों को चलाना अकसर घातक सिद्ध होता है । सड़क सुरक्षा एक संवेदनशील मुद्दा है जिसको पुलिस और प्रशासन ने गंभीरता के साथ हर बार उठाया है और समाज को नई दिशा दिखाई है । क्विज प्रतियोगिता भी इसी उद्देश्य से आयोजित की गई है ।

इस अवसर पर डॉ एसके वर्मा, डॉ मुकेश पुनिया, दीपक मित्तल, चिराग सिंगला भी उपस्थित रहे ।

Comments