समालखा की अवैध कॉलोनियों पर जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) की बड़ी कार्रवाई
BOL PANIPAT , 18 जून। जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) द्वारा वीरवार को अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 28 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही 5 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा 2 अवैध निर्माण, लगभग 38 डीपीसी तथा कॉलोनियों में बनाए गए आंतरिक रोड एवं ब्लॉक टाइल्स नेटवर्क को भी हटाया गया।
यह कार्रवाई राजस्व एस्टेट भापरा, पावटी, जौरासी सराफ तथा महावटी में की गई। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई।
जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें तथा अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों में सरकार द्वारा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकतीं।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments