किरायेदारों के वेरिफिकेशन में कोताही न बरतें, वेरिफिकेशन होने से असल अपराधियों पर त्वरित अंकुश लगाया जा सकता है : पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन
किरायेदारों की पुलिस वैरिफिकेशन हेतु आमजन से अपील
BOL PANIPAT : 03 जनवरी 2023, जिला में शांति व कानूनी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए किरायेदारों व नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाना अत्यंत जरूरी है। जिले में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने सभी किरायेदारों व नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के दिशा निर्देश दिए है। पानीपत पुलिस द्वारा 1 जनवरी से 15 जनवरी तक विशेष पखवाड़ा चलाकर किरायेदारों की वेरिफिकेशन के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि असामाजिक गतिविधियो पर नियंत्रण पाने हेतु घरों में बाहर से आये हुए किरायदारों की पुलिस वेरिफिकिशन करवाकर पुलिस का सहयोग करें। कुछ अपराधिक किस्म के व्यक्ति जो बाहर से आकर किराये पर रहकर अपराध को अंजाम देकर भाग जाते है, उनका रिकार्ड ना तो मकान मालिक के पास होता ना पुलिस के पास होता है। सुरक्षा के दृष्टिगत वेरिफिकेशन को गम्भीरता से लेते हुए बाहर से आए हुए किरायेदारों की सत्यापन रिपोर्ट करवाकर संबधित पुलिस थाना में रिकार्ड जमा करवानें में पुलिस का सहयोग करें। अवहेलना करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
घर पर रह रहे किरायेदारों के वेरिफिकेशन में कोताही न बरतें :
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने कहा कि पुलिस द्वारा किरायदारों की वेरिफिकेशन हेतु समय-समय पर विशेष अभियान चलाया जाता रहा है। अभियान के तहत जितना जल्दी संभव हो अपनें किरादारों का पुलिस वेरिफिकेशन करा लें और किरायेदारों की वेरिफिकेशन करवानें में कोताही ना बरतें अगर किसी प्रकार की कोताही पाई गई तो कानूनी कार्यवाई अमल में लाई जायेगी।
अपराध पर लगता है अंकुश :
पुलिस विभाग में सत्यापन के लिए एक रजिस्टर है, जिसमे थाना क्षेत्र के नौकर व किरायेदारों की तस्वीर के साथ उनका परिचय होता है। सत्यापन से अपराध पर भी अंकुश लगता है। सत्यापन नहीं कराने का परिणाम बड़ी-बड़ी घटनाओं के रूप में सामने आता है। जबकि वेरिफिकेशन होने उपरांत असल आरोपी पर शीघ्र ही शिकंजा कसने में कामयाबी मिलती है।

Comments