डॉ. प्रवीन कुमार ने श्रीलंका में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुत किया शोधपत्र
BOL PANIPAT , 30 जून। आई.बी. कॉलेज, पानीपत के लाइब्रेरियन डॉ. प्रवीन कुमार ने हाल ही में श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान सम्मेलन में शोधपत्र प्रस्तुत किया। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन श्रीलंका लाइब्रेरी एसोसिएशन एवं यूनिवर्सिटी ऑफ पेराडेनिया के संयुक्त तत्वावधान में यूनिवर्सिटी ऑफ़ पेरडेनिया के फैकल्टी ऑफ़ एग्रीकल्चर के डायमंड जुबली हॉल आयोजित हुआ, आयोजित में हुआ, जिसका मुख्य विषय था — “Libraries as Pillars of Sustainable Socio-Cultural Capital”।
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर श्रीलंका, भारत, मालदीव, नेपाल, नाइजीरिया सहित कई देशों के लगभग 100 प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों ने भाग लिया। डॉ. कुमार द्वारा प्रस्तुत शोध को प्रतिभागियों द्वारा सराहा गया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय अकादमिक समुदाय से सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हुआ। सम्मेलन के आयोजकों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कॉलेज प्रबंधन समिति के महासचिव एल.एन. मिगलानी ने डॉ. कुमार को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनके कॉलेज लौटने पर प्रबंधन समिति के महासचिव एल.एन. मिगलानी , प्राचार्या डॉ शशि प्रभा मलिक, एवं वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीत शर्मा ने उनका स्वागत किया और सम्मानित किया।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने डॉ. कुमार को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। डॉ. कुमार द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर शोधपत्र प्रस्तुत किया जाना न केवल कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है, बल्कि यह समस्त शिक्षक समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।
इस अवसर पर डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि इससे पूर्व वे ग्रीस की राजधानी एथेंस एवं थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भी शोधपत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। उन्होंने कहा, मैं भविष्य में भी इसी प्रकार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने क्षेत्र और संस्थान का नाम रोशन करने हेतु प्रयासरत रहूंगा।

Comments