ई-रिक्शा चालक सूरज की हत्या करने का छठा आरोपी गिरफ्तार, आरोपी को भेजा जेल
BOL PANIPAT , 12 सितंबर : पानीपत पुलिस ने गंगाराम कॉलोनी में पैसों के विवाद में ई-रिक्शा चालक सूरज की पिटाई कर हत्या करने के मामले में छठे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरि नगर निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई है।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी सब इंस्पेक्टर अरविंद की टीम ने शुक्रवार देर शाम मिली गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी धर्मेंद्र को पीपल मंडी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी धर्मेंद्र ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने पांच साथियों और एक अन्य फरार आरोपी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके पांच आरोपी गंगाराम कॉलोनी निवासी अजीत, मुकेश, सूरज, राजा उर्फ काला तथा देवी नगर निवासी प्रिंस के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 2 डंडे व एक परना बरामद कर पांचों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है।
पूछताछ में आरोपी अजीत ने पुलिस को बताया था कि गंगाराम कॉलोनी में उसने किराये की दुकान में ऑफिस बनाया हुआ है, जहां सूरज भी अक्सर उनके साथ बैठता था। उसने ऑफिस में 50 हजार रुपए रखे हुए थे, जिन्हें सूरज उठाकर ले गया था। कई बार कहने के बावजूद सूरज ने पैसे वापस नहीं दिए। 29 जून को उसने अपने साथी आरोपी प्रिंस, मुकेश, सूरज, राजा उर्फ काला व फरार साथी धर्मेंद्र व एक अन्य के साथ मिलकर सूरज को मजा चखाने की साजिश रची और ऑफिस पर बुलाकर डंडों व लात घुस्सों से पिटाई की। उसके हाथ परने से बांध दिए और मुंह में पानी डाल दिया। सूरज बेसुध हो गया और वे दुकान पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गए थे।
यह है मामला
थाना पुराना औद्योगिक में हरि नगर कच्चा काबड़ी फाटक निवासी मधु पत्नी सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका पति सूरज गंगाराम कॉलोनी निवासी अजीत की ई रिक्शा किराये पर लेकर चलाता था। 29 जून की देर रात करीब 10/11 बजे उनके घर रणजीत, कुंदन व राजा उर्फ काला आए। रणजीत कहने लगा सूरज दुकान से 50 हजार रूपए लेकर आया है। पैसे बाल्टी में छुपाकर रखने की बात कही। रणजीत के कहने पर उसने चेकिंग की पर पैसे नहीं मिले। रणजीत ने मोबाइल से अजीत के पास फोन कर उसकी बात कराई। अजीत कहने लगा सूरज उसकी दुकान से 50 हजार रूपए लेकर गया है। फोन पर बात करने के दौरान पीछे से उसके पति सूरज की आवाज सुनाई दे रही थी। पति सूरज कह रहा था उसने कोई पैसा नहीं लिया है। रातभर पति सूरज घर नहीं लौटा और मंगलवार सुबह उसे पता चला अजीत, रणजीत, सूरज, मुकेश, प्रिंस, राजा उर्फ काला, कुंदन तथा धर्मेंद्र ने मिलकर उसके पति सूरज की हत्या कर दी। शव दुकान में पड़ा है। पुलिस ने गंगाराम कॉलोनी में मौके पर पहुंच दुकान के शटर का ताला तुड़वाकर शव को निकाला। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में मधु की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments