नशा तस्कर 11 किलो 994 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 01 सितंबर : एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में सीआईए थ्री पुलिस टीम ने सनौली रोड स्थित झांबा मोड़ के पास एक युवक को 11 किलो 994 ग्राम गांजा (मादक पदार्थ) सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बेरी वाली मस्जिद अशोक विहार कॉलोनी निवासी सिकंदर के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि सोमवार शाम को उनकी टीम गश्त के दौरान सनौली रोड पर जलालपुर मोड़ के पास थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक स्प्लेंडर बाइक पर मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए सनौली से पानीपत की तरफ जाएगा। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने सनौली रोड पर झांबा मोड़ के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात सनौली की ओर से एक युवक बाइक की टंकी पर प्लास्टिक का कट्टा रखकर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने बाइक को नाके पर रुकवाकर युवक से पूछताछ की। युवक ने अपनी पहचान सिकंदर पुत्र इमरान निवासी बेरी वाली मस्जिद अशोक विहार कॉलोनी के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सतपाल की मौजूदगी में नियमानुसार युवक के प्लास्टिक कट्टे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कट्टे से गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का वजन करने पर 11 किलो 994 ग्राम पाया गया।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह शार्टकट तरिके से पैसे कमाने के लिए करीब 10 दिन पहले उड़ीसा से एक युवक से 12 किलो गांजा कम कीमत पर खरीदकर लाया था। सोमवार को वह गांजा को बाइक पर रखकर सनौली क्षेत्र में बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा था । पुलिस ने आरोपी सिकंदर के खिलाफ थाना सनौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज मंगलवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने के साथ नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments